प्रतापगढ़: 24 नवंबर की दोपहर। कोई एक बजे का वक्त। मैं हरिवंश राय बच्चन के पैतृक गांव बाबू पट्टी पहुंचा, जो प्रतापगढ़ जिले में है। गांव की सीमा नहर पार करते ही शुरू हो जाती है। पगडंडीनुमा सड़क इसे बाहर की दुनिया से जोड़ती है। वह भी जर्जर हो चुकी थी। उस रोज इसकी मरम्मत की जा रही थी। एक ट्रैक्टर में चारकोल सनी गिट्टी, चार-पांच मजदूर और रोड रोलर इसे दुरुस्त करने के लिए लगाए गए थे।
पैतृक गांव में डॉ. को याद करने वाले ज्यादा नहीं बचे हैं। बेटे अमिताभ बच्चन का नाम सबकी जुबां पर है। पुराने लोगों में से कुछ जरूर बाबूजी का नाम पूछने पर हां में सिर हिलाते हैं और बतकही के दौरान कभी मधुशाला तो कभी अग्निपथ की पंक्तियां सुनाते हैं। कुछ रोज पहले केबीसी में अमिताभ बच्चन ने लंबे समय से गांव न जा पाने पर अफसोस जताया। साथ ही, लाइब्रेरी के लिए किताबें उपलब्ध करवाने की बात कही। इसे जरूर लोग उम्मीदों के साथ दोहराते हैं।
पुस्तकालय की हो रही है मरम्मत में जहां पुस्तकाल की इमारत खड़ी है, वहां कभी डॉ. हरिवंश राय बच्चन का पैतृक घर हुआ करता था। उनके पिता प्रताप नारायण श्रीवास्तव बाद में बच्चों की शिक्षा के लिए प्रयागराज चले गए थे। इन दिनों पुस्तकालय की मरम्मत चल रही है। मजदूरों ने दीवारों का जर्जर प्लास्टर तोड़ दिया है। इस पर नया मसाला चढ़ाया जाएगा।
पैतृक गांव से आने वालों के लिए खुल रहते थे दरवाजेदीवारें मानों बच्चन जी की आत्मकथा 'क्या भूलूं क्या याद करूं' का बिंब बन गई हैं। वह लिखते हैं- माघ में जब लोग गंगा में स्नान करने के लिए प्रयागराज आते थे, तो उनके घर पर ठहरा करते थे। अपने साथ घर में बने पकवान भी लाते थे, जिन्हें हरिवंश राय बच्चन बड़े प्रेम से स्वीकार करते थे। उनके घर के दरवाजे पैतृक गांव से आने वाले लोगों के लिए हमेशा खुले रहते थे। हालांकि वह गांव वापस नहीं गए, लेकिन गांव के लोगों से जुड़ाव मुंबई जाने के बाद भी बना रहा।
‘कभी मिली नहीं, लेकिन ससुर से सुना जरूर’डॉ. हरिवंश राय बच्चन के विस्तारित परिवार की सदस्य और रिश्ते की बहू महिमा श्रीवास्तव कहती हैं, 'बाबूजी से कभी मिली तो नहीं, लेकिन उनके बारे में ससुर से सुना जरूर था। बताते थे कि उनकी विद्वता अद्वितीय थी।’ महिमा के नाती अर्पित श्रीवास्तव ग्रेजुएशन कर रहे हैं। पूछने पर वह मधुशाला की कुछ पक्तियां गुनगुनाते हैं।
'लाइब्रेरी में किताबें नहीं'लेकिन अर्पित यह स्वीकार करते हैं कि वह भी उतना ही जानते है, जितना डॉ. हरिवंश राय बच्चन की रचनाओं को पढ़ने वाला कोई भी स्टूडेंट। परिवार के ही अभिनव श्रीवास्तव कहते हैं कि वह तो अमिताभ बच्चन को ही जानते हैं। गांव में हरिवंश जी के नाम पर एक लाइब्रेरी जरूर है, लेकिन उसमें किताबे नहीं है। लाइब्रेरी ही उनकी याद है।
बाबू पट्टी की जागी आसकरीब दो दशक से विकास और बच्चन परिवार के वादों के पूरा होने की बाट जोह रहे बाबूपट्टी गांव में एक बार फिर उम्मीद जगी है। अमिताभ बच्चन ने 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) के मंच से गांव आने और पिता डॉ. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में बनी लाइब्रेरी के लिए किताबें उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया है। इस बीच गांव की जर्जर सड़क का निर्माण शुरू होने और 100 बच्चियों को साइकलें बांटे जाने से भी ग्रामीणों में उत्साह है। उम्मीद है कि इस बार गांव से जुड़ी घोषणाएं हकीकत में बदलेंगी।
केबीसी के एपिसोड में गांव का हुआ जिक्रदरअसल, सितंबर के अंतिम सप्ताह में प्रसारित केबीसी के एपिसोड में पट्टी तहसील के चंद्रप्रकाश तिवारी से बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने बाबूपट्टी से जुड़ाव स्वीकार किया। इसके साथ ही लंबे समय से गांव नहीं आ पाने पर अफसोस जताया था। इससे पहले 2006 में उनकी पत्नी जया बच्चन गांव आई थीं। तब हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में बने पुस्तकालय का उद्घाटन करने के साथ ही किताबें उपलब्ध करवाने और बालिका महाविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी। इसके लिए विस्तारित परिवार और ग्रामीणों ने जमीन भी उपलब्ध कराई थी, लेकिन परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
स्थानीय प्रशासन भी हुआ सक्रियवहीं, अब अमिताभ के हालिया आश्वासन के बाद स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हुआ है। डीएम अभिषेक पांडेय ने गांव का दौरा कर पुस्तकालय के लिए जल्द किताबें उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया। फिलहाल लाइब्रेरी की मरम्मत शुरू करवा दी गई है। इस पर क्रिटिकल गैप फंड से करीब 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
पलायन में खो गई गांव की रौनकडॉ. बच्चन के विस्तारित परिवार के सदस्य अजीत श्रीवास्तव बताते हैं कि कभी गांव में करीब 50 कायस्थ परिवार रहते थे, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर सात-आठ रह गई है। बेहतर जीवन की तलाश में गांव छोड़ने वाले परिवार वापस नहीं लौटे। उनके मुताबिक, परिवार के एक सदस्य की हाल में अमिताभ बच्चन से बातचीत हुई थी। तब उन्होंने गांव आने का वादा किया था।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.