श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के ‘सद्र-ए-रियासत’ रह चुके कर्ण सिंह ने अमरनाथ यात्रा मार्ग को चौड़ा करने के लिए अर्थ-मूविंग मशीनरी के इस्तेमाल पर हैरानी जताई है। उन्होंने खासतौर से पर्यावरण की दृष्टि से बेहद संवेदनशील शेषनाग झील के पास हो रहे इस काम पर चिंता जाहिर की है। निर्माण कार्य का विरोध कर रहे लोगों का समर्थन करते हुए पूर्व महाराजा ने अधिकारियों से इस इलाके में भारी मशीनों का इस्तेमाल तुरंत रोकने का आग्रह किया है।

डॉ कर्ण सिंह ने क्या कहा?

एक बयान में डॉ कर्ण सिंह ने हिमालय की नाजुक इकोलॉजी का जिक्र करते हुए संवेदनशील तीर्थ मार्गों पर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने उत्तराखंड में सड़कों को चौड़ा करने के अनावश्यक प्रयासों पर अपनी पुरानी चिंताएं दोहराईं। उन्होंने बताया कि वहां डायनामाइट का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया था। इससे पहाड़ों की नाजुक संरचना को नुकसान पहुंचा और केदारनाथ जैसी आपदाएं आईं।

तीर्थ यात्रा मार्ग को लेकर उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि मैं उन लोगों के साथ खड़ा हूं जो इसका विरोध कर रहे हैं। मैं संबंधित अधिकारियों से अपील करता हूं कि वे इस रास्ते पर भारी मशीनों का इस्तेमाल न करें। सिर्फ पर्यटकों की सुविधा के लिए हमें हर तीर्थ मार्ग को गाड़ियों के चलने लायक सड़क में बदलने की जरूरत नहीं है। सच्चे तीर्थयात्री इस पवित्र स्थान तक पैदल या सवारी (घोड़े-खच्चर आदि) से जाने में कोई बुराई नहीं मानेंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए हर तीर्थ मार्ग को गाड़ियों के चलने लायक बनाने की कोशिशों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पहले से मौजूद दो-लेन वाली सड़कें काफी हैं।

केदारनाथ जैसी आपदा की चेतावनी

उन्होंने कहा कि सच्चे तीर्थयात्री रास्ते को चौड़ा करके वहां गाड़ियां चलाने की व्यवस्था करने के बजाय पैदल या सवारी से तीर्थ स्थल तक जाना पसंद करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पर्यटकों के नाम पर सड़कों को चौड़ा करने का एक अनावश्यक काम चल रहा है। इसमें डायनामाइट का भारी इस्तेमाल हो रहा है। इससे हिमालय जैसे अपेक्षाकृत नए और नाजुक पर्वतीय क्षेत्र को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। असल में ऐसी वजहों से पहले भी कई आपदाएं आ चुकी हैं। इनमें कुछ साल पहले हुई केदारनाथ की त्रासदी भी शामिल है।

शेषनाग झील विवाद क्या है ?

शेषनाग झील के पास निर्माण कार्य को लेकर विवाद बढ़ रहा है। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें झील के किनारे खुदाई करने वाली मशीनें (एक्सकेवेटर) और भारी मशीनरी काम करती नजर आ रही थीं। फुटेज में देखा गया कि खुदाई से निकली मिट्टी को झील के किनारे ही डाला जा रहा था। इससे पर्यावरणविदों और राजनीतिक नेताओं के बीच चिंता पैदा हो गई है कि कहीं इससे हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र को भारी नुकसान न पहुंचे।

शेषनाग ग्लेशियर से बनी है यह झील

अनंतनाग जिले में लगभग 11780 फीट की ऊंचाई पर स्थित शेषनाग ग्लेशियर से बनी एक पहाड़ी झील है। यह जम्मू-कश्मीर की उन 14 ग्लेशियर झीलों में से एक है, जिन्हें आधिकारिक तौर पर 'उच्च जोखिम' वाली श्रेणी में रखा गया है। इनमें 'ग्लेशियर लेक आउटबर्स्ट फ्लड' (GLOF) यानी ग्लेशियर झील के अचानक फटने से बाढ़ आने का खतरा रहता है। ऐसी बाढ़ तब आती है जब झील का पानी अचानक नीचे की ओर बहने लगता है। इससे वहां मौजूद बस्तियों और बुनियादी ढांचे के लिए गंभीर खतरा पैदा हो जाता है।

शेषनाग झील को लेकर क्या है धार्मिक मान्यता?

इस विवाद ने एक धार्मिक रूप भी ले लिया है। हिंदू धर्म में शेषनाग को एक पवित्र स्थल माना जाता है और अमरनाथ गुफा की यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव ने माता पार्वती को 'अमर कथा' सुनाने के लिए गुफा में जाने से पहले अपने शरीर पर लिपटे सांपों को इसी झील के पास छोड़ दिया था।

इस काम की जिम्मेदारी संभालने वाले 'बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन' (BRO) का कहना है कि यह गतिविधि अमरनाथ यात्रा के बाद किए जाने वाले रखरखाव का हिस्सा है और इसे पर्यावरण संबंधी सुरक्षा उपायों के साथ किया जा रहा है। बीआरओ ने स्पष्ट किया है कि यह काम केवल मौजूदा रास्तों तक ही सीमित है। इसका मकसद कमजोर हिस्सों को मजबूत करना, भीड़ कम करने के लिए रास्तों को चौड़ा करना और तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। हालांकि बीआरओ के इस स्पष्टीकरण से लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है।(इनपुट एजेंसी)

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.