नोएडा: सेंट्रल नोएडा जोन के फेज-दो थाना क्षेत्र के सेक्टर-136 के फर्जी कॉल सेंटर में 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर जबरन साइबर ठगी के मामले में पुलिस को जानकारी मिली है कि इन्हें एक रिटन स्क्रिप्ट मिलती थी, जिससे वे अपने देश के ही लोगों से ठगी करते थे। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद अब सेक्टर-126 थाना पुलिस ने उस पीजी मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है, जहां इन्हें रखा जाता था।
जुलाई में सेक्टर-126 के पीजी को किराए पर लिया गया था। जहां चार महीने से इन विदेशी नागरिकों को रखा जा रहा था। यहां से कैब के जरिए रोज इन्हें कॉल सेंटर तक लाया जाता था। जांच में सिंडिकेट के साथ पीजी मालिक की संलिप्तता भी सामने आई है।
355 मोबाइल और 168 डेस्कटॉप बरामददिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से अधिक पासपोर्ट बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुरुषों को महिलाओं की तरह बात करने की ट्रेनिंग दी गई थी, ताकि फोन पर लोगों का भरोसा जीतकर उनके साथ ठगी की जा सके।
19 से 25 साल के युवा थे शामिलइस नेटवर्क में नोएडा के दो भारतीय नागरिकों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी विदेश भाग गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। इस नेटवर्क में महिलाओं सहित 19 से 25 साल तक के युवा शामिल थे।
दो भारतीय हैंडलर्स की भी जांचसुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के दो भारतीय हैंडलर्स की भूमिका भी सामने आई है। इनके बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन अकाउंट्स का इस्तेमाल नेटवर्क के ठिकानों के किराये और दूसरे ऑपरेशन संबंधी खर्चों के भुगतान के लिए किया जाता था।
कैब से लाने-ले जाने का था इंतजामइन विदेशी नागरिकों को रोजाना रात में कैब से सेक्टर-136 और सेक्टर-143 से सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित पीजी में लाया जाता था। सिंडिकेट के मास्टरमाइंड ने नोएडा में लाखों रुपये महीने के किराये पर तीन पीजी ले रखे थे। इन्हें कॉल सेंटर तक लाने और वापस ले जाने के लिए कई कैब लगाई गईं थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि विदेशी नागरिकों पर कड़ी निगरानी रखी जाती थी। उन्हें बाहरी लोगों से बातचीत और मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी। उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी।
ईमेल भेज दिल्ली पुलिस को बताई आपबीतीइस मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक मलेशियाई नागरिक ने ईमेल के जरिए अपनी आपबीती दिल्ली पुलिस को बताई। ईमेल में उसने अपने साथ हो रहे शोषण और जबरन साइबर फ्रॉड कराए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की और मानव तस्करी तथा साइबर फ्रॉड के इस बड़े नेटवर्क का पता चला।
164 विदेशी नागरिकों को कराया गया मुक्तसूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने दो दिन पहले गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद करीब दो दिन तक कार्रवाई चली। इस दौरान 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच सभी को अपने साथ दिल्ली ले गई।
नोएडा पुलिस ने शुरू की जांचअब नोएडा पुलिस ने भी इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जिस बिल्डिंग में विदेशी नागरिकों को रखा गया था, उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क में शामिल लोग मलेशिया, इंडोनेशिया और कंबोडिया के युवाओं को बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे। उन्हे अच्छी सैलरी का लालच दिया जाता था।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.