तिरुवनंतपुरम: केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने दावा किया कि उनका फोन टैप किया जा रहा है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इसलिए वह कभी-कभी निगरानी करने वालों को गुमराह करने के लिए गलत बातें भी कहते हैं। सतीशन ने संविधान दिवस के एक कार्यक्रम में ये दावे किए। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा दौर में जब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का प्रभाव बढ़ रहा है, लोगों को खुद सोचने का मौका नहीं दिया जा रहा है।
सुनाया पुराना किस्सामुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब वह कॉलेज में पढ़ते थे तब उन्होंने जॉर्ज ऑरवेल का उपन्यास '1984' पढ़ा था। यह एक काल्पनिक उपन्यास है जिसमें बताया गया है कि किस तरह सरकार लोगों पर व्यापक नजर रखती है। उन्होंने कहा कि यह किताब पढ़ने के बाद मैं एक महीने तक तनाव और असुरक्षा महसूस करता रहा। इसकी वजह यह थी कि किताब में बताया गया था कि सरकार अपने नागरिकों पर हर समय और हर जगह नजर रखती है।
बोले- मुझे पता मेरा फोन टैप किया जा रहाउन्होंने कहा कि मुझे पता है कि मेरा फोन भी टैप किया जा रहा है। इसलिए कभी-कभी मैं फोन टैप करने वालों को गुमराह करने के लिए गलत बातें कहता हूं। हर किसी पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कथित फोन टैपिंग के पीछे कौन है। ‘फ्रीडम टू थिंक’ नामक एक नई किताब का जिक्र करते हुए सतीशन ने दावा किया कि मौजूदा दौर में लोगों को अपने फैसले खुद लेने की आजादी नहीं है। उन्होंने कहा कि एआई के बढ़ते प्रभाव वाले इस दौर में किसी व्यक्ति के फैसले उसके अपने नियंत्रण में नहीं होते बल्कि कोई और उन्हें नियंत्रित करता है।
कैमरों के जरिए हम पर लगातार नजर रखी जातीसतीशन ने कहा कि जब हम किसी मॉल या सुपरमार्केट में जाते हैं तो कैमरों के जरिए हम पर लगातार नजर रखी जाती है। वे यह देखते हैं कि आप कहां खड़े हैं सब्जियों, मांस या कैंडी वाले हिस्से में और आपके चेहरे के भावों पर भी नजर रखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई के जरिए आपके व्यवहार और तौर-तरीकों का विश्लेषण किया जाता है। जब तक आप अपनी गाड़ी तक पहुंचते हैं, तब तक आपकी पसंद के ब्रांड के उत्पादों के विज्ञापन आपके फोन पर आने लगते हैं। इनमें आपको यह खरीदने या वह खाने जैसे सुझाव दिए जाते हैं। इस तरह हम ऐसे दौर में पहुंच गए हैं, जहां हमें क्या खाना चाहिए या क्या सोचना चाहिए, यह भी कोई और तय कर रहा है।