नई दिल्ली: भारत में विमानन कंपनियों के लिए कारोबार करना आसान नहीं है। यहां विमान उड़ाने की लागत दुनिया के औसत से काफी ज्यादा है। इसकी बड़ी वजह हवाई ईंधन (ATF) की ऊंची कीमतें और रुपये की कमजोरी है। टिकट महंगी होने के बावजूद एयरलाइंस अपनी लागत निकालने और मुनाफा कमाने के लिए संघर्ष करती हैं। खर्च और कमाई के बीच इसी अंतर के चलते कई बड़ी विमानन कंपनियां बंद हो चुकी हैं। एयर डेक्कन, किंगफिशर, एयर सहारा, जेट एयरवेज और गो एयर इसका उदाहरण हैं। कई छोटी एयरलाइंस भी इसी जद्दोजहद से जूझते हुए अपना कारोबार समेट चुकी हैं।
सभी पर असर: विमानन कंपनी के बंद होने का असर सिर्फ उसके मालिकों पर नहीं पड़ता। इससे बैंकों का कर्ज फंसता है, सरकार को टैक्स का नुकसान होता है और कर्मचारियों का वेतन, पीएफ व ग्रेच्युटी तक अटक जाती है। यात्रियों को भी टिकट का रिफंड नहीं मिल पाता। कई बार घाटे से जूझ रही एयरलाइंस सस्ती टिकटें बेचकर पैसा जुटाती हैं, लेकिन उनकी उड़ानें रद्द हो जाती हैं। किसी कंपनी के बंद होने पर दूसरी कंपनियां किराया बढ़ा देती हैं। इससे पूरा उद्योग एक दुष्चक्र में फंस जाता है। महंगे ईंधन के अलावा हवाई मार्ग भी कंपनियों के नुकसान में जाने का एक बड़ा कारण है। भू-राजनीतिक तनाव के कारण पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने से भारतीय विमानन कंपनियों की मुश्किलें और बढ़ी हैं। खासकर दिल्ली से पश्चिमी देशों की उड़ानें लंबी और महंगी हो गई हैं।
ये कदम कारगर: विमानन उद्योग को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के वास्ते सबसे पहले परिचालन लागत घटानी होगी। इसके लिए ATF की कीमतों को काबू में रखना जरूरी है। इस पर लगने वाले केंद्र और राज्य सरकारों के टैक्स को कम करना होगा। रुपये में ज्यादा उतार-चढ़ाव न हो इस पर ध्यान देना होगा, क्योंकि रुपये की कमजोरी से डॉलर में चुकाए जाने वाले विमान के किराये, रखरखाव और बीमा का खर्च बढ़ जाता है। हवाई अड्डों पर लैंडिंग और पार्किंग शुल्क बेवजह न बढ़ाए जाएं। बड़े शहरों में एयर ट्रैफिक का दबाव घटाने के लिए ATC को भी आधुनिक बनाना होगा। ये कदम खर्च घटा सकते हैं।
- महंगे ईंधन, कमजोर रुपये और बढ़ते खर्च ने कई विमानन कंपनियों का कारोबार बिगाड़ा।
- एयरलाइंस बंद होने से बैंक, कर्मचारी, यात्री और सरकारी खजाना सभी प्रभावित होते हैं।
- अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात बढ़ने से भारतीय कंपनियों के सामने विस्तार के बड़े अवसर हैं।
मजबूती जरूरी: भारत के लिए अपने विमानन उद्योग को मजबूत बनाना इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि यहां अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। विदेश में रहने वाले भारतीयों के अलावा बड़ी संख्या में छात्र, पर्यटक और कारोबारी विदेश आते-जाते हैं। अगर भारतीय एयरलाइंस मजबूत होंगी, तो इस यातायात का बड़ा हिस्सा उन्हीं के जरिए होगा। वरना विदेशी कंपनियां भारतीय यात्रियों को अपने देश के हब तक ले जाकर वहां से दूसरी उड़ानों में उनके गंतव्य तक पहुंचाएंगी और उससे ज्यादा कमाई करेंगी। दुबई-एमिरेट्स, दोहा-कतर एयरवेज और चांगी-सिंगापुर एयरलाइंस इसके उदाहरण हैं।
बराबरी का मौका: अभी विदेशी एयरलाइंस भारतीय यात्रियों को पहले अपने देश के बड़े हवाई अड्डों तक ले जाती हैं और फिर वहां से दूसरी उड़ान के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाती हैं। अगर भारतीय एयरलाइंस के पास लंबी दूरी के विमान हों, तो वे यात्रियों को सीधे उनके गंतव्य तक ले जाकर अपना कारोबार बढ़ा सकती हैं। यात्री चाहें तो रुककर सफर कर सकते हैं, लेकिन उनके पास भारतीय कंपनियों का विकल्प भी होना चाहिए। इसके लिए घरेलू एयरलाइंस की लागत घटाकर उन्हें बराबरी का मौका देना जरूरी है। एयर इंडिया और इंडिगो लंबी दूरी की उड़ानों का विस्तार कर रही हैं। कुछ और एयरलाइंस भी योजनाएं बना रही हैं।
टक्कर देने का माद्दा: विदेश आने-जाने वाले कई भारतीय आज भी अपने देश की एयरलाइंस से सफर करना पसंद करते हैं, बशर्ते उनकी सेवाएं अच्छी हों। अपने देश का क्रू, भाषा, व्यवहार और खानपान से उन्हें अपनापन मिलता है। इसलिए जरूरत है कि भारतीय एयरलाइंस को इतना मजबूत बनाया जाए कि वे सिर्फ अपना कारोबार बचाने के बजाय विस्तार के बारे में सोच सकें। यह विदेशी कंपनियों को रोकने या उन्हें बाहर करने की बात नहीं है, बल्कि भारतीय कंपनियों को उनके बराबर मुकाबले का मौका देने की है। फिलहाल ज्यादा परिचालन लागत ने उनके हाथ बांध रखे हैं। ये बाधाएं हटें तो वे भी दुनिया की बड़ी एयरलाइंस को टक्कर दे सकती हैं।