नई दिल्ली: मशहूर चित्रकार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर केंद्र सरकार ने उन्हें खास सम्मान देते हुए 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने का ऐलान किया है। सोभा सिंह, देश के उन चर्चित चित्रकारों में हैं, जिनके बेहतरीन चित्रों ने भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सोच को आकार देने में मदद की। सरकार ने उनकी जयंती पर स्मारक सिक्का जारी करने का फैसला लिया है। वो पहले ऐसे भारतीय चित्रकार हैं, जिन्हें केंद्र ने ऐसा सम्मान दिया है।
कौन हैं मशहूर चित्रकार सोभा सिंह ?29 नवंबर 1901 को पंजाब के श्री हरगोबिंदपुर में जन्मे सोभा सिंह ने बंटवारे के बाद हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के 'अंद्रेटा' को अपना घर बनाया था। उनके जीवन और कार्यों ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच एक स्थायी सांस्कृतिक सेतु का काम किया। जानकारों के मुताबिक, सोभा सिंह का कलात्मक योगदान भारत की सांस्कृतिक चेतना में गहराई से बसा हुआ है। सिख गुरुओं, ऐतिहासिक हस्तियों और आध्यात्मिक विभूतियों के उनके बनाए चित्रों को उनकी गहराई, संवेदनशीलता और आध्यात्मिक भाव के लिए सराहा जाता है।
सोभा सिंह कैसे बने चित्रकार
- सरदार सोभा सिंह का जन्म 29 नवंबर 1901 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर में एक सिख परिवार में हुआ था।
- उन्हें बचपन से ही कला में रुचि थी, वे पश्चिमी कला शैलियों से काफी प्रभावित थे।
- वे मुख्य रूप से सिख गुरुओं के चित्र (पोर्ट्रेट) बनाने के लिए जाने जाते हैं।
- सोभा सिंह के आर्टवर्क में ज्यादातर मशहूर धार्मिक और रोमांटिक थीम शामिल रहे हैं।
- 15 साल की उम्र में, सोभा सिंह ने कला और शिल्प (आर्ट एंड क्राफ्ट) का एक साल का कोर्स करने के लिए अमृतसर के इंडस्ट्रियल स्कूल में दाखिला लिया।
- वे ब्रिटिश भारतीय सेना में ड्राफ्ट्समैन के रूप में शामिल हुए और बगदाद, मेसोपोटामिया (जो अब इराक है) में काम किया।
- 1923 में उन्होंने सेना छोड़ दी और अमृतसर लौट आए, जहां उन्होंने अपना आर्ट स्टूडियो खोला।
- बंटवारे के कारण उन्हें अपना शहर छोड़ना पड़ा, 1949 में, वे कांगड़ा घाटी के एक दूर-दराज इलाके, एंड्रेटा (पालमपुर के पास) में बस गए
- एक चित्रकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की, यह जगह 'शोभा सिंह आर्ट गैलरी एंड म्यूजियम' की वजह से जानी जाने लगी।
- 22 अगस्त 1986 को उन्होंने आखिरी सांस ली
ब्रिटिश भारतीय सेना में भी किया था कामकई लोगों को यह जानकर हैरानी हो सकती है कि एक जाने-माने और प्रसिद्ध चित्रकार बनने से पहले, वे ब्रिटिश-भारतीय सेना में तीसरी पीढ़ी के सैनिक थे। उनकी मां का नाम बीबी अछरन देवी था और पिता सरदार देवा सिंह थे। उनके पिता सेना की 22वीं बटालियन में सर्वेयर होने के साथ-साथ एक प्रशिक्षित घुड़सवार और कुशल चित्रकार भी थे। उनके दादा, सरदार चरहत सिंह, महाराजा रणजीत सिंह की सेना में घुड़सवार थे।
125वीं जयंती पर सरकार जारी करेगी सिक्कापूर्व राज्यसभा सांसद 93 साल के तरलोचन सिंह ने कहा कि उन्होंने इस साल 30 मई को केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने सोभा सिंह की 125वीं जयंती के मौके पर एक यादगार सिक्का जारी करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनके सम्मान में 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने के फैसले को मंजूरी दे दी है।
केंद्र के फैसले की जमकर तारीफउधर केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए, अंद्रेटा स्थित 'सोभा सिंह मेमोरियल आर्ट सोसाइटी' के अध्यक्ष के.जी. बुटेल ने कहा कि यह अधिसूचना इस चित्रकार को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए किए गए लंबे प्रयासों का नतीजा है। बुटल ने कहा, सरकार के फैसले को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय कला में शोभा सिंह का योगदान और उनका मानवतावादी दर्शन सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान का हकदार है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह सिक्का नई पीढ़ी को कलाकार के कार्यों और उनके दर्शन से परिचित कराएगा।बुटेल ने स्मारक सिक्के के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सहयोग को भी सराहा। सोभा सिंह के परिवार ने सरकार के फैसले की सराहना की और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि करार दिया।