गुना: बाइक चोरों ने मोटरसाइकिल तो चुरा ली, लेकिन उसमें लगा GPS ट्रैकर उनकी चालाकी पर भारी पड़ गया। चोर बाइक की नंबर प्लेट तोड़कर, शीशे और रिफ्लेक्टर निकालकर उसे पहचान से दूर करने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि बाइक का मालिक उसकी लोकेशन लगातार ट्रैक कर रहा है। आखिरकार करीब 40 किलोमीटर दूर खेत की मेड़ पर लावारिस हालत में मोटरसाइकिल मिल गई।

मामला 14 नवंबर की रात का है। गुना के संतोष प्रजापति की पल्सर मोटरसाइकिल हनुमान टेकरी के पास से चोरी हो गई थी। उस दिन यहां अन्नकूट महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। संतोष के मुताबिक, रात करीब 8 बजे उन्होंने अपनी बाइक पानी की टंकी के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटे तो मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद वह पुलिस थाने पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने FIR दर्ज करने के बजाय केवल लिखित आवेदन देने को कहा।

मोबाइल पर लोकेशन देख दोस्तों के साथ निकले तलाश मेंसंतोष ने अपनी बाइक में सुरक्षा के लिए GPS ट्रैकिंग डिवाइस लगवा रखा था। थाने से लौटने के बाद उन्होंने मोबाइल पर बाइक की लोकेशन देखी तो वह कनैरा-कनेरी इलाके में दिखाई दी। यह जगह गुना से करीब 40 किलोमीटर दूर बताई गई। इसके बाद संतोष अपने दोस्तों के साथ बाइक की तलाश में निकल पड़े।

चोर बाइक में छिपे GPS डिवाइस को नहीं ढूंढ पाएकरीब तीन दिन तक खोजबीन करने के बाद उन्हें मोटरसाइकिल कनैरा-कनेरी क्षेत्र में एक खेत की मेड़ पर खड़ी मिली। बाइक की नंबर प्लेट तोड़ दी गई थी। साइड मिरर और रिफ्लेक्टर भी निकाल दिए गए थे। लॉक भी टूटा हुआ था। हालांकि, चोर बाइक में छिपे GPS डिवाइस को नहीं ढूंढ पाए और इसी वजह से उसकी लोकेशन मिलती रही।

तीर्थ यात्राओं में भी साथी रही है बाइकसंतोष के लिए यह मोटरसाइकिल केवल आने-जाने का साधन नहीं, बल्कि कई धार्मिक यात्राओं की साथी भी रही है। वह इसी बाइक से 12 बार खाटू श्याम और तीन बार अमरनाथ की यात्रा कर चुके हैं। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान अयोध्या भी इसी मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। लंबी यात्राओं के दौरान सुरक्षा के लिहाज से ही उन्होंने इसमें GPS लगवाया था, जो बाइक चोरी होने पर उसे खोजने में मददगार साबित हुआ।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.