गोरखपुर: गोरखपुर के चिल्लू पार विधानसभा से पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के बेटे और प्रयागराज से बाहुबली नेता उदयभान करवरिया की बेटी की सगाई की फोटो-वीडियो सामने आने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को देहरादून में दोनों परिवार के खास लोगों की उपस्थिति में सगाई का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। 2027 विधानसभा चुनाव के बाद हो सकती है शादी? पूर्वांचल के बाहुबली नेता पूर्व मंत्री और कई बार के विधायक रहे स्व. पंडित हरिशंकर तिवारी के तिवारी हाता में जल्द ही शहनाई की गूंज सुनाई देने वाली है। बुधवार को देहरादून के एक होटल में हरिशंकर तिवारी के पौत्र और विनय शंकर तिवारी के पुत्र कंदर्प तिवारी और प्रयागराज के बाहुबली बीजेपी नेता उदयभान करवरिया की छोटी बेटी साक्षी के बीच रिंग सेरेमनी और सगाई का कार्यक्रम हुआ।

चर्चा में रहेगी शादी
सूत्रों के हवाले से पता चला है कि शादी विधानसभा चुनाव के बाद होगी, हालांकि दोनों परिवारों से अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर फोटो जारी होने के बाद लोगों को इस बात की जानकारी हो पाई। लोगों में चर्चा है कि बिहार के बाहुबली अनंत सिंह की बेटी की शादी के बाद अब यह शादी भी चर्चा में रहेगी ?

सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह रिश्ता पहले से तय था, लेकिन बीच में कुछ अड़चन आई थी। अब उन्हें दूर कर सगाई और गोद भराई की रस्म पूरी कर ली गई है, जल्द ही शादी की तिथि की भी घोषणा हो जाएगी। विनय शंकर तिवारी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व में बीएसपी से चिल्लूपार विधानसभा से विधायक भी रह चुके हैं। इनके बड़े भाई भीष्म शंकर तिवारी भी पूर्व में सांसद रह चुके हैं। इनके पिता पंडित हरिशंकर तिवारी पूर्वांचल के एक बाहुबली नेता माने जाते थे।

उदयभान करवरिया प्रयागराज के रहने वाले हैं
दूसरी तरफ विनय शंकर तिवारी के समधि बनने वाले उदयभान करवरिया प्रयागराज के रहने वाले हैं और उनकी भी छवि एक बाहुबली की है। उनका पूरा परिवार राजनीति में सक्रिय है। उदयभान 2002 और 2007 में विधायक रहे हैं। हालांकि 2012 में वह बीजेपी के टिकट पर चुनाव हार गए थे। हालांकि उनकी पत्नी नीलम करवरिया ने 2017 में बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था। उदयभान के बड़े भाई कपिल मुनि भी फूलपुर से सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा उनके छोटे भाई सूरजभान एमएलसी रहे हैं। उदयभान करवरिया 1996 में एक हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट चुके हैं। 2924 में कोर्ट ने अच्छे आचरण के चलते उन्हें समयपूर्व रिहा कर दिया था।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.