आज आप बैंक से पैसे ट्रांसफर करते हैं, ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं या फिर क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करते हैं तो मोबाइल पर एक OTP जरूर आता है. इसके बिना कई सारे ट्रांजेक्शन तो पूरे नहीं होते हैं. हम इसे अपनी रोज की जिंदगी का हिस्सा मान चुके हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि बैंकिंग में OTP का आइडिया कहां से आया? इसके पीछे की कहानी काफी दिलचस्प है. दरअसल, इसकी शुरुआत क्रेडिट कार्ड से होने वाले फ्रॉड को रोकने की एक कोशिश से जुड़ी है.


इसका खुलासा IIT मद्रास के प्रोफेसर और उद्यमी डॉ. अशोक झुनझुनवाला ने 'जिंदगी विद ऋचा' के एक इंटरव्यू में किया. उन्होंने बताया कि साल 2005 के आसपास बैंकिंग को डिजिटल बनाने और क्रेडिट कार्ड फ्रॉड रोकने को लेकर चर्चा हो रही थी. इसी दौरान उनके दिमाग में SMS के जरिए एक कोड भेजने का आइडिया आया, जिसे डालने के बाद ही ट्रांजेक्शन पूरा हो सके.


डिजिटल बैंकिंग का कैसे आया विचार?
डॉ. अशोक झुनझुनवाला ने इंटरव्यू में बताया कि जब वो बैंकिंग के खर्च और डिजिटल ट्रांजेक्शन के बारे में चर्चा कर रहे थे तब उन्होंने कैश और डिजिटल पेमेंट के खर्च का उदाहरण दिया. उनके मुताबिक, जब कोई व्यक्ति बैंक जाकर कैश निकालता है, तो बैंक को करीब 70 रुपए तक का खर्च उठाना पड़ता है. वहीं, ATM से कैश निकालने पर ये खर्च करीब 12 रुपए और क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन करने पर लगभग 2 रुपए होता है.


उनका मानना था कि बैंकिंग का भविष्य डिजिटल ट्रांजेक्शन में है. उन्होंने बैंक से सवाल किया कि अगर डिजिटल पेमेंट इतना सस्ता है तो फिर हर किसी को क्रेडिट कार्ड क्यों नहीं दिया जाता?


क्या थी सबसे बड़ी परेशानी?
अशोक झुनझुनवाला के मुताबिक, बैंक की तरफ से उन्हें बताया गया कि क्रेडिट कार्ड के मामले में फ्रॉड का खतरा काफी बड़ा है. अगर हर किसी को क्रेडिट कार्ड दे दिया जाए, तो धोखाधड़ी के मामले भी बढ़ सकते हैं.


यहीं से उन्होंने एक नया तरीका सुझाया. उन्होंने कहा कि अगर हर ट्रांजेक्शन के समय ग्राहक के मोबाइल पर SMS के जरिए एक कोड भेजा जाए और पेमेंट पूरा करने के लिए उस कोड को दर्ज करना जरूरी हो, तो फ्रॉड को रोकने में मदद मिल सकती है. यानी कार्ड की जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ लग भी जाए, तो सिर्फ उसके आधार पर ट्रांजेक्शन करना आसान नहीं होगा. ग्राहक के मोबाइल पर आया कोड भी जरूरी होगा.


2005 में SMS भेजना नहीं था आसान
आज मोबाइल पर कुछ ही सेकंड में OTP आ जाता है, लेकिन 2005 के आसपास स्थिति ऐसी नहीं थी. उस समय SMS तुरंत पहुंचना आम बात नहीं थी. इसके अलावा एक SMS भेजने की कीमत भी काफी ज्यादा हुआ करती थी.


इस वजह से उस समय इस विचार को लागू करना आसान नहीं था. झुनझुनवाला ने बताया कि वो तब टाटा टेलीसर्विसेज के बोर्ड से भी जुड़े हुए थे. ऐसे में उन्होंने टेलीकॉम कंपनी के लोगों से बात की और पूछा कि क्या SMS को रियल टाइम में भेजने का कोई तरीका निकाला जा सकता है. कंपनी के लोगों ने बताया कि तकनीकी रूप से ऐसा करना संभव है. इसके बाद आगे का काम हुआ.


किसने दिया OTP नाम?
इंटरव्यू में अशोक झुनझुनवाला ने बताया कि इसी प्रोसेस के दौरान किसी ने इस कोड का नाम OTP रख दिया. OTP यानी One Time Password, जिसका इस्तेमाल एक बार के लिए किया जाता है. धीरे-धीरे ये तरीका डिजिटल ट्रांजेक्शन की सुरक्षा से जुड़ गया. आज बैंकिंग, ऑनलाइन पेमेंट और कई दूसरी डिजिटल सेवाओं में OTP का इस्तेमाल किया जाता है.


चांदी 9680 रुपए गिरी, सोना भी कई हजार रुपए सस्ता, जानें ताजा कीमतें


Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.