भारतीय शेयर बाजार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. दुनिया में एक नई पहचान बनाने वाली नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में लंदन स्टॉक एक्सचेंज (LSE) को पीछे छोड़ दिया है. इसके साथ ही NSE दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज बन गया है. यह उपलब्धि भारतीय शेयर बाजार की बढ़ती ताकत और वैश्विक पहचान को दिखाती है.
लंदन स्टॉक एक्सचेंज ग्रुप (LSEG) के आंकड़ों के मुताबिक, NSE का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 5.86 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि लंदन स्टॉक एक्सचेंज (LSE) की वैल्यू लगभग 5.77 लाख करोड़ रुपये है. यानी इस मामले में NSE ने लंदन को पीछे छोड़ दिया है.
दुनिया के टॉप एक्सचेंज में NSE की जगह
NSE ने जर्मनी की कंपनी ड्यूश बोर्स AG को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसका मार्केट कैप करीब 5.9 लाख करोड़ रुपये यानी 63.4 अरब डॉलर बताया गया है. मार्केट कैपिटलाइज़ेशन के आधार पर फिलहाल NSE से आगे सिर्फ दो बड़े एक्सचेंज हैं. इनमें CME ग्रुप करीब 10.49 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ पहले और इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज लगभग 9.34 लाख करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ दूसरे स्थान पर है.
NSE के शेयर में भी दिखी तेजी
हालांकि, इस उपलब्धि के बीच NSE के शेयर में भी लगातार तेजी देखने को मिली है. गुरुवार को दूसरे कारोबारी सत्र में भी शेयर की बढ़त काफी तेजी से जारी रही है. नवंबर में अब तक 18 कारोबारी सत्रों में से 14 में इसमें तेजी दर्ज की गई है. इस उछाल के साथ शेयर 2,400 रुपये के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया.
इससे पहले अक्टूबर में भी शेयर में करीब 34% की बढ़त दर्ज की गई थी. शेयर की लगातार मजबूत चाल ने NSE के बाजार की वैल्यू को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है. वहीं, मार्केट कैप के आधार पर लंदन को पीछे छोड़ना भारतीय वित्तीय बाजार की बढ़ती वैश्विक पहचान को दिखाता है. हालांकि, एक्सचेंजों की रैंकिंग उनके बाजार मूल्य में होने वाले बदलाव के साथ बदल सकती है.
दिसंबर से 5 दिन पहले बढ़ गए LPG के दाम? देखें आज की ताजा रेट लिस्ट
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.