लखनऊ: उत्तर प्रदेश में फरवरी-मार्च 2027 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। इसके लिए समाजवादी पार्टी गुरुवार, 26 नवंबर को अपना घोषणा पत्र (Election Manifesto) जारी करने वाली है। बताया जाता है कि सपा का घोषणा पत्र उसके पीडीए (PDA) फॉर्मूले के मुताबिक पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के साथ आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होगा। सपा ने इससे पहले सन 2022 के अपने चुनावी घोषणा पत्र (वचन पत्र) में किसानों, युवाओं, महिलाओं और जन स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को लेकर कई वादे किए थे।
ग्रामीण विकास और किसानों के कल्याण के वादेसन 2022 में सपा ने अपने घोषणा पत्र में किसान और ग्रामीण विकास से जुड़े कई वादे किए थे। उसने सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करने, 2025 तक किसानों को कर्ज मुक्त करने, सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने, ब्याज मुक्त कर्ज देने, गन्ना किसानों को 15 दिन में पेमेंट करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का फंड बनाने का वादा किया था। सपा ने दो एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को मुफ्त खाद देने और किसान आंदोलन में मृत किसानों के परिवारों को 25 लाख रुपये की सहायता देने का वादा किया था।
बिजली, एलपीजी और पेट्रोल-डीजल में छूट देने का वादासमाजवादी पार्टी ने बिजली, एलपीजी और पेट्रोल डीजल की कीमत में छूट देने का वादा किया था। सपा ने कहा था कि वह बिजली और ईंधन पर सब्सिडी देगी। उसने वादा किया था कि वह सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देगी। बीपीएल परिवारों को साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देगी। उसने घोषणा की थी कि वह दोपहिया वाहन चालकों को हर महीने एक लीटर मुफ्त पेट्रोल और ऑटो रिक्शा चालकों को 3 लीटर मुफ्त पेट्रोल या 6 किलो मुफ्त सीएनजी देगी।
एक करोड़ से अधिक नौकरियां देने की घोषणासमाजवादी पार्टी ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। सपा ने कहा था कि वह सन 2027 तक 10 लाख सरकारी नौकरियां और एक करोड़ निजी कंपनियों में रोजगार देगी। उसने आईटी क्षेत्र में 22 लाख नौकरियों के सृजन के लिए कोशिश करने और मनरेगा की तर्ज पर शहरी रोजगार गारंटी कानून लाने का वादा किया था। सपा ने शिक्षामित्रों और ग्राम रोजगार सेवकों को नियमित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की आयु सीमा में 2 साल की छूट देने का वादा किया था। सपा ने कहा था कि वह युवाओं को लैपटॉप देगी और उनके कौशल विकास के लिए कदम उठाएगी।
महिलाओं को हर साल 18 हजार रुपये देने का वादासमाजवादी पार्टी ने महिलाओं के कल्याण के लिए भी कई वादे किए थे। सपा ने गरीब महिलाओं को 'समाजवादी पेंशन' के तहत हर साल 18,000 रुपये (1500 रुपये प्रति माह) देने का वादा किया था। उसने सरकारी नौकरियों और पुलिस भर्ती में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने, छात्राओं को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने और फ्रंटलाइन महिला कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक स्कूटर देने का वादा किया था।
राज्य का स्वास्थ बजट बढ़ाने की घोषणासपा ने 2022 में यूपी में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने का वादा किया था। उसने राज्य स्वास्थ्य नीति 2022 के तहत कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की बात कही थी। सपा ने यूपी का स्वास्थ्य बजट बढ़ाकर राज्य के कुल बजट का करीब 10 प्रतिशत करने की बात कही थी। उसने मेडिकल टेस्ट की दरें तय करने और 108/102 एंबुलेंस सेवाओं को बेहतर बनाने का वादा किया था। इसके अलावा सपा ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने का भी वादा किया था।
तीन श्रेणियों में होगा 2027 का सपा का घोषणा पत्र विधानसभा चुनाव 2027 के लिए संविधान दिवस पर 26 नवंबर को दोपहर 3 बजे अपना घोषणा पत्र जारी करने वाली है। बताया जाता है कि यह घोषणा पत्र तीन अलग-अलग श्रेणियों में जारी किया जाएगा। इसे सपा ने 'जन-मन घोषणापत्र' नाम दिया है। इसके अलावा सपा इसे इसे 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' भी कह रही है।
सपा का इस बार का चुनावी घोषणा पत्र पिछले चुनाव से कुछ अलग होगा। उसका यह मेनिफेस्टो मुख्य रूप से उसके पीडीए फॉर्मूले में शामिल पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के साथ-साथ आम लोगों से जुड़े मुद्दे शामिल हो सकते हैं।
राज्य, जिले और राजधानी के लिए मेनिफेस्टोसपा के घोषणा पत्र में शामिल पहली श्रेणी राज्य-स्तरीय घोषणा पत्र की होगी। इसमें पूरे यूपी से जुड़े बड़े चुनावी वादे शामिल होंगे। दूसरी श्रेणी में जिला स्तरीय घोषणा पत्र होगा जिसमें राज्य के सभी 75 जिलों की समस्याए, डेवलपमेंट से जुड़े मुद्दे होंगे। इसमें एक-एक जिले का जिक्र होगा। तीसरी श्रेणी में राजधानी लखनऊ की घोषणा पत्र होगा। इसमें लखनऊ के विकास, इन्फ्रेस्ट्रक्चर और स्थानीय मुद्दे शामिल होंगे।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.