फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को एक तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में एक महिला और उसकी 14 वर्षीय बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि यह हादसा बुधवार दोपहर करीब एक बजे हुसैनगंज इलाके में चांदीपुर और सरीला गांवों के बीच हुआ। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल पर असनी गांव के रहने वाले सौरभ मौर्य (23), शबनम (38) और उनकी बेटी इल्मा (14) सवार थे, तभी डंपर ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे फंस गई। ट्रक उसे करीब 150 मीटर तक घसीटता ले गया। मांगलिक ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि शबनम और उनकी बेटी परिवार में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बहुआ गांव जा रही थीं। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया, जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.