संभल: हाथ में पेट्रोल की बोतल... सामने मोबाइल टावर की ऊंचाई और नीचे जमा तमाशबीनों की भीड़। हर किसी की नजरें ऊपर टिकी थीं। किसी को अनहोनी का डर सता रहा था तो कोई युवक से नीचे उतर आने की गुहार लगा रहा था। देखते ही देखते गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे का आखिरकार पुलिस की सूझबूझ से सुरक्षित अंत हुआ। पुलिस ने युवक को सकुशल नीचे उतार लिया। मामला थाना जुनावई क्षेत्र के एक गांव का है।

जानकारी के मुताबिक, गांव का एक युवक हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसके इस कदम की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। टावर पर युवक की मौजूदगी और उसके हाथ में पेट्रोल की बोतल देखकर लोगों की चिंता बढ़ गई। आशंका जताई जाने लगी कि युवक कोई आत्मघाती कदम उठा सकता है। शुरुआती चर्चाओं में युवक के इस कदम को प्रेमिका की शादी से नाराजगी से जोड़कर देखा गया। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे। चुनौती युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की थी। पुलिस अधिकारियों ने धैर्य के साथ बातचीत शुरू की। लगातार समझाने-बुझाने और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हो गया। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर अपनी हिरासत में ले लिया।

जांच जारी
घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चा जरूर है, लेकिन पुलिस अभी इसे अंतिम वजह नहीं मान रही। सीओ अंकित मिश्रा के मुताबिक, जांच की जा रही है कि युवक प्रेमिका से संबंधित किसी मामले के चलते टावर पर चढ़ा था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह रही। युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की सूझबूझ से एक संभावित अनहोनी टल गई, लेकिन युवक के टावर पर चढ़ने की असली वजह जांच के बाद ही साफ होगी।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.