लखनऊ: यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच चल रही बयानबाजी के बीच कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का बयान सामने आया है। राजेंद्र पाल गौतम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों पक्षों से एक दूसरे की भावनाओं की कद्र करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरने की अपील की है।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, 'मेरा दोनों पक्ष के नेताओं से विनम्र निवेदन है कि एक दूसरे की भावनाओं की कद्र करें'। उन्होंने आगे लिखा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरने व उत्तर प्रदेश की जनता को इस बुलडोजर वाली छात्र विरोधी, महिला विरोधी, किसान विरोधी, दलित विरोधी मुस्लिम व पिछड़ा विरोधी तानाशाह सरकार से मुक्ति दिलाने को प्राथमिकता दें और आपसी समन्वय से सौहार्दपूर्ण वातावरण में लक्ष्य की तरफ बढ़ें।
सपा और कांग्रेस के नेताओं में जुबानी जंगगौतम ने आगे लिखा कि हम सभी के लिए जनभावना की कद्र करते हुए संविधान विरोधी, संवैधानिक संस्था व 27000 सरकारी स्कूल बंद करने वाली, वंचित वर्गों के छात्रों के वजीफे को वर्षों तक रोकने वाली शिक्षा विरोधी सरकार से मुक्ति दिलाना जरुरी है। बता दें कि देर रात को सपा ने 5 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसके बाद से सपा और कांग्रेस के नेताओं में जुबानी जंग जारी थी।
सबसे पहले कांग्रेस की तरफ से इमरान मसूद ने बयान जारी कर सपा पर गठबंधन को लेकर गंभीर न होने का आरोप लगाया था, जिसके बाद प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने खुद तीन डिजिट में सीटों की बात मीडिया से बातचीत में कही थी। जिससे कांग्रेस के तेवर तल्ख नजर आ रहे थे। इस बीच सपा की और से इकरा हसन ने पलटवार करते हुए इमरान के भीख वाले बयान पर भी आपत्ति दर्ज कराई थी।
अब राजेंद्र पाल गौतम के तेवर नरम पड़ते दिखाई दे रहे हैं। अब तक कांग्रेस सपा के बीच दो दौर की बैठकें हो चुकी है। जिसमें माना जा रहा है कि कांग्रेस को 26 से ज्यादा सीटें देने पर सपा की और से कुछ संकेत मिले हैं। ऐसे में अब तीसरे दौर की बैठक पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.