बड़वानी: दलित शिक्षक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी उच्च माध्यमिक शिक्षक मनोज मराठे को आखिरकार निलंबित कर दिया गया है। गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत के बावजूद बहाली तथा निवाली के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का प्रभार सौंपे जाने को लेकर हुए विरोध के बाद भी लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई। अब जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) की शिकायत और कार्रवाई की मांग के बाद 20 नवंबर को जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त कार्यालय ने निलंबन आदेश जारी किया है।
मराठे के विरुद्ध 16 जुलाई 2024 को सेंधवा ग्रामीण थाने में अपराध क्रमांक 426/2024 दर्ज किया गया था। उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 306 और 34 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(5) के तहत प्रकरण दर्ज है। उन्हें 10 अगस्त 2024 को गिरफ्तार किया गया था और न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल बड़वानी में । मामले में पुलिस चालान भी पेश कर चुकी है।
निलंबन के साथ इंदौर मुख्यालय अटैच किया गयाआदेश के अनुसार, मराठे वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चाटली में पदस्थ थे। इसके पहले वे सीएम राइज स्कूल सेंधवा में पदस्थ रहे थे। हालांकि, उन्हें निवाली के बीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया गया था। मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य तथा अनुसूचित जाति विकास, इंदौर संभाग का कार्यालय निर्धारित किया गया है।
बीईओ बनाने पर विधायक सहित संगठनों ने किया था विरोधउल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में में रहने के कारण मराठे को पहले भी निलंबित किया गया था, लेकिन बाद में बहाल कर दिया गया। उन्हें निवाली बीईओ का प्रभार दिए जाने के फैसले पर सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी सहित विभिन्न आदिवासी संगठनों ने अगस्त 2026 में कड़ी आपत्ति जताई थी। संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर उन्हें फिर से निलंबित करने की मांग की थी। आंदोलन के दौरान कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन लंबे समय तक निलंबन प्रस्ताव पर निर्णय नहीं हुआ।
जयस का तर्क, जमानत मिलने से कोई दोषमुक्त नहीं हो जाताइस बीच जयस की नारीशक्ति राष्ट्रीय प्रभारी सीमा वास्कले ने 18 नवंबर 2026 को जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त को पत्र लिखकर मराठे की बहाली निरस्त करने और निवाली बीईओ का प्रभार वापस लेने की मांग की। उन्होंने पत्र में कहा कि जमानत मिलने मात्र से कोई व्यक्ति दोषमुक्त नहीं हो जाता। साथ ही, संवेदनशील पद पर बने रहने से मामले के गवाहों और साक्ष्यों के प्रभावित होने की आशंका जताई।
शिकायत के दो दिन बाद निलंबन आदेशजयस की शिकायत के दो दिन बाद 20 नवंबर को निलंबन आदेश जारी हुआ। आपराधिक मामले में आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाना शेष है।