दौसा: जिला परिषद में कांग्रेस ने एक बार फिर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा बरकरार रखा है। कांग्रेस की बीना बैरवा जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। भाजपा की ओर से जिला प्रमुख पद के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं होने के चलते बीना बैरवा का निर्वाचन निर्विरोध हुआ। निर्वाचन के बाद रिटर्निंग अधिकारी और जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौलजिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद जिला परिषद परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। आतिशबाजी के बीच नवनिर्वाचित जिला प्रमुख बीना बैरवा का स्वागत किया गया। समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

सरपंच से जिला प्रमुख तक का राजनीतिक सफरबीना बैरवा दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी हैं। उनका राजनीतिक सफर सरपंच से शुरू हुआ। वे सबसे पहले जीरोता ग्राम पंचायत की सरपंच बनीं, इसके बाद पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होकर लवाण पंचायत समिति की प्रधान बनीं। इस बार जिला परिषद सदस्य निर्वाचित होने के बाद जिला प्रमुख की जिम्मेदारी तक पहुंची हैं। उनके पति दीनदयाल बैरवा भी पूर्व में दौसा पंचायत समिति प्रधान रह चुके हैं, जबकि उनके ससुर भी पंचायत समिति प्रधान रहे थे। परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि और जीरोता में लंबे समय से सरपंच पद पर परिवार की सक्रियता के चलते बीना बैरवा का राजनीतिक सफर क्षेत्र में जाना-पहचाना रहा है।

टिकट के लिए मंथन के बाद बीना बैरवा के नाम पर बनी थी सहमतिदौसा में जिला प्रमुख पद को लेकर कांग्रेस के भीतर टिकट की दावेदारी के दौरान भी काफी राजनीतिक हलचल रही। विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी बीना बैरवा और पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी के बीच टिकट को लेकर जद्दोजहद चली। कई दौर की बातचीत और मंथन के बाद बीना बैरवा के नाम पर सहमति बनी और उन्हें जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया गया।

बताई प्राथमिकता, सचिन पायलट का जताया आभारजिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद बीना बैरवा ने प्रदेश और जिले के नेताओं के साथ जनता का आभार जताया। उन्होंने टिकट दिलाने में सचिन पायलट की महत्वपूर्ण भूमिका की भी बात कही। बीना बैरवा ने कहा कि दौसा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए काम किया जाएगा। बिजली, पानी और शिक्षा उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी। जिले के विकास को गति देना और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनका लक्ष्य रहेगा। दौसा में पिछले करीब 24 साल से जिला प्रमुख की कुर्सी कांग्रेस के पास रही है और इस बार भी कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.