इंदौर: कृष्णबाग कॉलोनी में सड़क किनारे रखा एक सोफा उसके आसपास बिखरा घरेलू सामान और सामने ईंट-पत्थरों का ढेर.. इसी मलबे के बीच कुछ बच्चे खेल रहे हैं। थोड़ी दूर पर एक महिला ईंटों के चूल्हे पर चाय बना रही है। कभी इसी जगह उसका घर हुआ करता था। जहां रसोई थी वहां अब मलबा है और जिस छत के नीचे परिवार रहता था वह बुलडोजर की कार्रवाई में जमींदोज हो चुकी है। घर उजड़ने के बाद भी जिंदगी रुकी नहीं है। भूख लगी तो सड़क पर ही चूल्हा जलाना पड़ा और रात हुई तो उसी मलबे के बीच बिस्तर बिछाकर सोना पड़ा है।
पीड़ितों की कहानियां सुनकर दिल भर आए की कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार को हुई प्रशासन की रिमूवल कार्रवाई के करीब 36 घंटे बाद जब नवभारत टाइम्स डॉट कॉम की टीम मौके पर पहुंची तो वहां सिर्फ टूटे मकान नहीं बल्कि तीन परिवारों की ऐसी कहानियां मिलीं, जिन्हें सुनकर किसी का भी दिल भर आए। किसी ने मजदूरी करके जिंदगीभर की कमाई से आशियाना बनाया था। किसी ने पति की आखिरी निशानी समझकर घर को संभालकर रखा था तो किसी ने सालों तक कानूनी लड़ाई लड़ने के बावजूद अपना घर बचाने की उम्मीद नहीं छोड़ी। बुलडोजर ने दीवारें गिरा दीं लेकिन इन लोगों के मन में एक सवाल छोड़ दिया कि अब आखिर जाएं तो जाएं कहां?
मकान की किस्त कहां से भरूंगा?दीपक सोनी की कहानी उस मेहनतकश इंसान की है जो खुद के लिए कम और अपने परिवार के लिए ज्यादा जीता है। करीब 12 साल पहले उन्होंने प्लॉट खरीदा था। इसके बाद धीरे-धीरे मेहनत की कमाई जोड़कर मकान बनाया। दीपक मजदूरी करते हैं और खाना बनाने का काम भी करते हैं। उनकी दिनचर्या ऐसी थी कि सुबह 6 बजे साइकिल लेकर काम पर निकलते और रात 11 से 12 बजे घर लौटते थे। कई बार पूरा दिन काम करने के बाद भी उन्हें पता नहीं होता था कि अगले दिन कितनी कमाई होगी।
घर अपना होगालेकिन उनके मन में एक सपना था कि एक दिन अपना घर होगा। करीब 8-9 साल पहले उनका यह सपना पूरा हुआ। उन्होंने मकान बनवाया। दीपक बताते हैं कि है, नगर निगम का टैक्स भरा है, बिजली का कनेक्शन है और दूसरे सरकारी शुल्क भी जमा किए हैं। यहां तक कि मकान बनाने के लिए लोन भी लिया था।
मलबे में बदल गयाउन्हें लगता था कि मेहनत से बनाया गया घर एक दिन उनके परिवार का सहारा बनेगा। उन्होंने मकान किराए पर दिया था ताकि उससे मिलने वाले पैसे से लोन की किस्त चुकाते रहें। लेकिन सोमवार को सब कुछ बदल गया। जिस मकान को बनाने में सालों की मेहनत लगी वह कुछ ही देर में मलबे में बदल गया।
अब दीपक के सामने सिर्फ रहने का संकट नहीं है। उनके सिर पर मकान के लोन की जिम्मेदारी भी है। उनकी आवाज में बेबसी साफ सुनाई देती है। वह कहते हैं, 'अब बैंक वाले किस्त मांगेंगे तो कहां से भरेंगे, घर भी नहीं रहा। किस्त भरें, खुद रहें या खाना खाएं, हम मेहनत-मजदूरी करने वाले लोग हैं।
पति की आखिरी निशानी उजड़ीममता राठौर की कहानी शायद इस पूरी कार्रवाई की सबसे दर्दनाक तस्वीर है। वह पिछले 20 साल से कृष्णबाग कॉलोनी में रह रही थीं। उनके पति अब इस दुनिया में नहीं हैं। चार बच्चों को अकेले पाल-पोसकर बड़ा करने की जिम्मेदारी ममता ने उठाई। करीब 20 साल पहले उनके पति ने 11 लाख रुपए में यह जमीन खरीदी थी। उस समय बच्चे छोटे थे। पति ने अपने परिवार के भविष्य के लिए यह जगह खरीदी थी। बाद में इसी जमीन पर उनका घर बना।
टूट गया आशियानाआज ममता के लिए यह सिर्फ मकान नहीं था बल्कि पति की आखिरी निशानी थी। इसी घर में उनके पति ने आखिरी सांस ली थी। लेकिन सोमवार को प्रशासन की कार्रवाई में उनका आशियाना भी टूट गया। जिस दिन मकान टूटा उस समय ममता घर पर नहीं थीं। वह अपनी मां के निधन के बाद वहां गई हुई थीं। उनकी मां का देहांत महज दो दिन पहले हुआ था। परिवार में अभी बारहवां भी नहीं हुआ था कि उन्हें खबर मिली कि उनका घर तोड़ा जा रहा है। वह वापस लौटीं तो घर की जगह मलबा पड़ा था।
सामान हटाने का भी मौका नहीं दियाममता का आरोप है कि उनके छोटे बच्चों को भी घर से सामान निकालने का पर्याप्त मौका नहीं दिया गया। वह कहती हैं कि पुलिसकर्मियों ने बच्चों को उठाकर बाहर कर दिया और इसके बाद मशीनें चलने लगीं। अब उनके पास न रहने के लिए छत है और न दूसरा मकान खरीदने के लिए पैसे। लेकिन इसके बावजूद वह जमीन छोड़ने को तैयार नहीं हैं। सड़क पर ईंटों का चूल्हा बनाकर चाय और खाना बना रही हैं। रात भी परिवार ने वहीं गुजारी।
गाड़ी चलाकर जोड़े रुपएराजेश बैरागी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। वह वर्ष 2004 में इंदौर आए थे। करीब आठ साल तक ड्राइविंग का काम किया। मेहनत की, पैसे बचाए और वर्ष 2013 में कृष्णबाग कॉलोनी में रहने लगे। उन्हें लगा था कि अब जिंदगी पटरी पर आ जाएगी। लेकिन पांच साल बाद उन्हें पता चला कि उनकी जमीन को लेकर किसी ने केस लगा रखा है। इसके बाद उन्होंने करीब पांच-छह साल तक कानूनी लड़ाई लड़ी। पार्षद से लेकर विधायक और मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की। कैलाश विजयवर्गीय से भी मदद मांगी लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
आंखों के सामने घर जमींदोजसोमवार को कार्रवाई के दौरान उनका घर भी टूट गया। राजेश बताते हैं कि सुबह 6 बजे से सामान निकालने में लगे थे। कुछ सामान निकाल पाए और कुछ वहीं रह गया। इसके बाद मशीनें चलने लगीं। अब वह उसी जगह फिर से बिस्तर बिछाकर रहने की तैयारी कर रहे हैं। उनके दो बच्चे हैं। एक फर्स्ट ईयर में पढ़ रहा है और दूसरा बारहवीं में। घर टूटने के बाद बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर भी चिंता है। लेकिन पिता होने के नाते वह बच्चों के सामने हिम्मत नहीं हारना चाहते।
एक पिता खुद बेघर हो चुका है लेकिन बच्चों को भरोसा दिला रहा है कि सब ठीक कर देगा। उसके पास फिलहाल न घर है न कोई दूसरा ठिकाना, फिर भी बच्चों के सपनों को टूटने नहीं देना चाहता। राजेश को अब भी उम्मीद है कि उनकी बात सुनी जाएगी। उनका कहना है कि जीतू पटवारी ने उनसे मिलकर मदद का भरोसा दिया है और कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही है।