नई दिल्ली: साल 2027 में भारत चार मुख्य न्यायाधीशों (CJI) का गवाह होगा। इनमें से एक तो मौजूदा CJI सूर्यकांत ही हैं, जो 9 फरवरी 2027 को CJI के पद से सेवानिवृत्त होंगे। उन्होंने शीर्ष अदालत में 6 साल और 7 महीने तक अपनी सेवाएं दी हैं। अपने इस कार्यकाल में, उन्होंने 1 साल और 2 महीने तक मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम किया है। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस पीएस नरसिम्हा एक-एक करके CJI का पद संभालेंगे।


सुप्रीम कोर्ट के इतिहास में 2002 की तरह 2027 में भी सबसे ज्यादा CJIसुप्रीम कोर्ट ऑब्जर्वर के आंकड़ों के अनुसार, 1950 में सुप्रीम कोर्ट में एक सीजेआई थे। इसके बाद के वर्षों में कभी एक, कभी दो तो कभी तीन-तीन सीजेआई बने। 2002 में पहली बार सबसे ज्यादा 4 सीजेआई बनाए गए। इसके बाद अब 2027 में भी चार सीजेआई के बनेंगे।



जस्टिस विक्रमनाथ 7 महीने तो नागरत्ना केवल 36 दिन के लिए होंगी CJI

  • जब कोई जज CJI बनता है, तब तक उनके पास बेंच पर काम करने के लिए केवल कुछ साल या महीने ही बचे होते हैं। 2027 में यह स्थिति साफ तौर पर देखी जा सकती है। CJI सूर्यकांत के रिटायर होने के बाद जस्टिस विक्रमनाथ सितंबर 2027 तक यानी सात महीने के लिए CJI रहेंगे।
  • वहीं, जस्टिस विक्रमनाथ के बाद जस्टिस बीवी नागरत्ना जब पद संभालेंगी, तब उनके रिटायरमेंट में केवल 36 दिन बचे होंगे। जस्टिस नरसिम्हा अक्टूबर 2027 में पद संभालेंगे और मई 2028 तक इस पद पर रहेंगे।


पूर्व CJI सदाशिवम का सुझाव निश्चित हो कार्यकालपूर्व CJI पी. सदाशिवम ने भी इस बात को माना है। वे जुलाई 2013 से अप्रैल 2014 के बीच नौ महीने तक इस पद पर रहे थे। उन्होंने सुझाव दिया था कि CJI का कार्यकाल निश्चित होना चाहिए। खबरों के अनुसार, उन्होंने कहा था, 'ऐसी कई चीजें थीं जो मैं करना चाहता था, लेकिन कम कार्यकाल की वजह से नहीं कर सका।'


CJI का कार्यकाल बढ़ाने के लिए अनुच्छेद 124 में संवैधानिक संशोधन की जरूरत

  • CJI का कार्यकाल बढ़ाने के लिए संविधान के अनुच्छेद 124 में संवैधानिक संशोधन की आवश्यकता होगी। महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी भी चरण में एक निश्चित कार्यकाल लागू करने का मतलब यह होगा कि जो जज मुख्य न्यायाधीश बनने की कतार में हैं, वे अपना यह अवसर खो देंगे।
  • एक निश्चित कार्यकाल का अर्थ यह होगा कि CJI सेवानिवृत्ति की आयु से बंधे नहीं होंगे। इससे वे अन्य मौजूदा जजों की तुलना में एक अलग स्थिति में आ जाएंगे, जो इस धारणा के विपरीत है कि CJI 'बराबर वालों में सबसे पहले (first among equals) होते हैं।


श्रीलंका में मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल की सीमा तय की गईहाल ही में, श्रीलंका के संविधान के 22वें संशोधन के तहत मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल की एक सीमा तय कर दी गई है। इस संशोधन के अनुसार, श्रीलंका के मुख्य न्यायाधीश अब या तो छह साल तक या 67 वर्ष की आयु तक जो भी पहले आए, अपने पद पर बने रहेंगे। इस कदम की काफी आलोचना हुई है, क्योंकि इसके जरिए मौजूदा मुख्य न्यायाधीश का कार्यकाल दो साल और बढ़ा दिया गया है।


भारत में कई बार उठ चुकी है ये मांग

  • दिलचस्प बात यह है कि भारत में भी सुप्रीम कोर्ट के जजों की सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाने की ऐसी ही मांग उठी है। पूर्व CJI एनवी रमण ने कहा था कि 65 वर्ष की आयु 'सेवानिवृत्त होने के लिए बहुत जल्दी' है।
  • इसी तरह, जस्टिस एल. नागेश्वर राव ने टिप्पणी की थी कि सुप्रीम कोर्ट के जजों को कम से कम 7-8 साल का कार्यकाल मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक जज यह 'समझ पाते हैं कि सुप्रीम कोर्ट कैसे काम करता है', तब तक वे सेवानिवृत्ति की कगार पर आ जाते हैं।

जस्टिस विपुल पंचोली डेढ़ साल के लिए होंगे CJI
  • यदि कोई निश्चित कार्यकाल लागू किया जाता है, तो इसे आने वाले मुख्य न्यायाधीशों के कार्यकाल पूरे होने के बाद लागू किया जा सकता है। वर्तमान में, वरिष्ठता के क्रम के अनुसार, जस्टिस विपुल पंचोली अक्टूबर 2031 से मई 2033 तक यानी 1.5 साल के लिए CJI होंगे। उनके बाद सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त कोई भी नया जज CJI बनने की कतार में नहीं है।
  • यदि सेवानिवृत्ति की आयु के साथ एक निश्चित कार्यकाल को 2033 के बाद लागू किया जाए और इससे पहले से तय सेवानिवृत्ति की प्रक्रियाओं में कोई बदलाव न किया जाए तो यह एक बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे इस आलोचना से भी बचा जा सकेगा कि यह संशोधन केवल मौजूदा मुख्य न्यायाधीश का कार्यकाल बढ़ाने के लिए किया गया था।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.