Super 30 Founder Teacher Anand Kumar Interview: सुपर 30 के संस्थापक और अब अपने सुपर इनफिनिटी यूट्यूब चैनल के माध्यम से दुनियाभर के छात्रों को मुफ्त में पढ़ा रहे प्रख्यात शिक्षक आनंद कुमार का मानना है कि मोबाइल, विडियो गेम और सोशल मीडिया बच्चों को वास्तविक दुनिया से दूर कर रहे हैं। बच्चों पर माता-पिता की बढ़ती अपेक्षाओं और मानसिक दबाव को भी उन्होंने गंभीर चुनौती बताया। नवभारतटाइम्स के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने और समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा देनी होगी। सवाल: सुपर 30 के बाद सुपर इनफिनिटी की शुरुआत की है। इसके पीछे क्या सोच है? जवाब: हमने सुपर 30 को बंद नहीं किया, बल्कि उसका विस्तार किया है। मेरी जिंदगी पर फिल्म बनने के बाद करीब 20-22 हजार बच्चों ने आवेदन किया। पद्मश्री मिलने के बाद भी उम्मीदें बढ़ीं। इतने बच्चों को सुपर 30 में पढ़ाना संभव नहीं था। लोग चाहते थे कि हम जिस तरीके से कमजोर आर्थिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले बच्चों को गणित समझाते हैं, वह डिजिटल माध्यम से ज्यादा बच्चों तक पहुंचे। इसी सोच से सुपर इनफिनिटी बनाया गया। इसे तैयार करने में छह साल लगे, जिनमें करीब चार साल रिसर्च और प्रेजेंटेशन पर खर्च हुए। सवाल: सुपर इनफिनिटी की खासियत क्या है? यह किन बच्चों के लिए है? जवाब: यह छठी कक्षा के बाद के सभी बच्चों के लिए है। हमारा उद्देश्य गणित रटाना नहीं, बल्कि उसके पीछे का तर्क समझाना है। जैसे, बच्चे LCM निकाल लेते हैं, लेकिन उसके पीछे का गणितीय आधार नहीं समझ पाते। हम विषयों के साथ आईआईटी, ओलंपियाड और SSC-बैंक PO जैसी परीक्षाओं के सवाल भी समझाते हैं। इसमें कहानियों और संगीत का भी इस्तेमाल किया गया है। एक कहानी में मोहित चौहान ने गाना गाया है। हमारा प्रयास है कि गणित को पढ़ाई, मनोरंजन और जीवन के अनुभवों से जोड़कर रोचक बनाया जाए। सवाल: AI से बच्चों की लिखने और की क्षमता पर असर पड़ रहा है। आप इसे कैसे देखते हैं? जवाब: यह बहुत गंभीर विषय है। पहले से ही हमारी परीक्षा व्यवस्था ऐसी होती जा रही है, जिसमें बच्चों को लिखने के बजाय सही विकल्प चुनने पर ज्यादा जोर दिया जाता है। अब AI आने के बाद बच्चे मोबाइल पर कुछ भी लिखने के लिए कह देते हैं और उन्हें तैयार जवाब मिल जाता है। लेकिन सवाल यह है कि उनकी अपनी विचारधारा कहां है? उनकी सोच कहां है? मान लीजिए किसी ने मुझसे कहा कि आनंद कुमार, नवभारत टाइम्स के लिए शिक्षक दिवस पर कुछ लिख दीजिए। अगर मैं AI से पूरा लेख लिखवा लूं तो उसमें मेरे अपने विचार कहां होंगे? बच्चों को तकनीक की मदद जरूर लेनी चाहिए लेकिन उनकी अपनी सोचने और लिखने की क्षमता खत्म नहीं होनी चाहिए। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को लिखना, पढ़ना और स्वतंत्र रूप से विचार करना सिखाना होगा। (फोटो-x.com/teacheranand/) सवाल: आज के बच्चों में बड़े सपने देखने का जज्बा क्यों कम हो रहा है? जवाब: आज बच्चों को कम उम्र में ही लगभग हर सुविधा मिल जाती है। हमारे बचपन में संसाधन सीमित थे, इसलिए बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की इच्छा भी मजबूत थी। आज बच्चों को सुविधाओं के साथ मेहनत और संघर्ष का महत्व भी समझाना जरूरी है। बच्चों के रोल मॉडल भी बदले हैं। पहले महापुरुष आदर्श थे, अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं? बच्चों के रोल मॉडल भी बदल गए हैं। पहले महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद जैसे नाम लिए जाते थे, अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर उनके आदर्श बन रहे हैं। यह बदलाव चिंताजनक है। हमारे स्कूल के दिनों में महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, प्रेमचंद और स्वामी विवेकानंद के बारे में पढ़ाया जाता था। हमें बताया जाता था कि ये हमारे आदर्श हैं। बच्चों को इनके बारे में जानना चाहिए। अपनी विरासत और अपने नायकों का सम्मान करना चाहिए। आज कई बच्चों से पूछिए कि उनका रोल मॉडल कौन है तो वे किसी यूट्यूबर या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर का नाम लेते हैं। कुछ लोग बच्चों को यह सिखा रहे हैं कि यूट्यूब चैनल खोलो, रोज वीडियो डालो, एक दिन तुम्हारा भी समय आएगा। लेकिन यह नहीं सिखाया जा रहा कि समाज के लिए कुछ अच्छा और सार्थक कैसे किया जाए। सवाल: आपने अपने परिवार में भी बच्चों की पसंद में यह बदलाव महसूस किया है? जवाब: हां, मेरे छोटे भाई की बेटी का एक उदाहरण है। हमने मैथ्स के ग्राफ पर एक वीडियो बनाया था, जिसमें एक गाना भी था। मैंने वह वीडियो अपनी पत्नी को दिखाया तो उन्हें अच्छा लगा। बाद में घर में बच्चों के बीच उस गाने की बात हुई तो वे लता मंगेशकर को पहचान ही नहीं पाए। इसके बजाय वे लेडी गागा के गाने सुनाने लगे। दुनिया का संगीत सुनना गलत नहीं है, लेकिन बच्चों को अपनी विरासत और कलाकारों के बारे में भी पता होना चाहिए। हमें उन्हें अपनी संस्कृति और कलाकारों का सम्मान करना सिखाना होगा। सवाल: बच्चों में डिप्रेशन, एंग्जाइटी और मानसिक दबाव के लिए कौन जिम्मेदार है? जवाब: आज बच्चों पर माता-पिता की अपेक्षाओं का दबाव बहुत बढ़ गया है। वे बच्चों को हर सुविधा देना चाहते हैं, लेकिन उनसे उम्मीदें भी बहुत ज्यादा रखते हैं। पहले आकांक्षाएं सीमित थीं। मेरे पिता कहते थे कि बेटा, जो भी करो, दुनिया में सबसे अच्छा करो। जब मैंने गणित पढ़ने का फैसला किया तो उन्होंने मुझे अपने गुरु डीपी वर्मा साहब के पास भेजा। गुरुजी ने भी कहा था कि आपका बेटा पढ़ लेगा, आगे कितना करेगा, यह समय बताएगा। आज माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा हर क्षेत्र में सबसे आगे रहे, लेकिन कई बार वे उसकी रुचि और इच्छा नहीं समझते। बच्चों को अपनी पसंद के अनुसार सपने देखने और आगे बढ़ने का मौका देना चाहिए। उन पर अपनी अधूरी इच्छाओं का बोझ डालने के बजाय उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए और दबाव नहीं डालना चाहिए। सवाल: आज शिक्षा में बुनियादी समझ की कमी कितनी बड़ी समस्या है? जवाब: यह बहुत बड़ी चुनौती है। छठी-सातवीं के कई बच्चे तीसरी-चौथी कक्षा के स्तर की गणित भी ठीक से नहीं समझ पाते। बच्चे सवाल हल कर लेते हैं, लेकिन उनका तर्क नहीं बता पाते। हमें रटने के बजाय हर विषय का लॉजिक यानी कैसे और क्यों समझाना होगा। देश को मजबूत बनाना है तो बच्चों की बुनियाद मजबूत करनी होगी। सवाल: AI के दौर में गणित और तार्किक सोच कितनी जरूरी है? जवाब: AI की बुनियाद भी गणित है। करीब 30 साल पहले बीएचयू में हमारे प्रोफेसर देवेंद्र सिंह ने हमें AI पर एक किताब दी थी। आज इसका महत्व तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन बच्चों की गणितीय और तार्किक सोच कमजोर होगी तो वे नए आविष्कारों में योगदान कैसे देंगे? हमें मशीनों पर निर्भर होने के बजाय अपनी मौलिक सोच विकसित करनी होगी। सवाल: सुपर इनफिनिटी की प्रस्तुति में क्या खास है? जवाब: इसकी प्रस्तुति किसी सिनेमा से कम नहीं है। इसमें ब्लैकबोर्ड और चॉक से पढ़ाने का पारंपरिक अंदाज है। खास चॉक जापान से मंगवाई गई और प्रोजेक्शन तकनीक कोरिया से ली गई है। इसके कार्टून और एनिमेशन कलाकारों ने हाथ से बनाए हैं। हमारा उद्देश्य है कि बच्चे गणित से डरें नहीं, बल्कि उसमें रुचि लें। सवाल: सुपर इनफिनिटी को विदेशों में कैसी प्रतिक्रिया मिल रही है? जवाब: कजाकिस्तान, पाकिस्तान और यूरोप समेत कई देशों से अच्छे संदेश मिल रहे हैं। कजाकिस्तान की एक महिला ने बताया कि हिंदी पूरी तरह समझ न आने के बावजूद वह बेटी के साथ हमारे वीडियो देखती हैं और उसकी गणित में रुचि बढ़ रही है। हमारे आंकड़ों के मुताबिक, एक लाख व्यू में करीब 10 प्रतिशत दर्शक दूसरे देशों के होते हैं। यह पूरी तरह मुफ्त है। सवाल: सुपर 30 और सुपर इनफिनिटी को मुफ्त रखने की वजह क्या है? जवाब: हमारे गुरु डीपी वर्मा साहब कहते थे कि तय होना चाहिए कि पैसा कमाना है या समाज में बदलाव लाना है। सुपर 30 के लिए एक ऑनलाइन कंपनी ने करीब 100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया था, लेकिन मैंने स्वीकार नहीं किया। मेरा मानना है कि शिक्षा को व्यापार बना देने से उसका मूल उद्देश्य खत्म हो जाता है। हमारा मकसद अच्छी शिक्षा मुफ्त में पहुंचाना है। सवाल: देश में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं आती हैं। परीक्षा व्यवस्था पर क्या राय है? जवाब: पेपर लीक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर दोषियों को सजा देने का आग्रह किया था। लेकिन पूरी परीक्षा व्यवस्था को डिजिटल करना भी सही नहीं है। गांवों में कई बच्चों के पास बिजली और इंटरनेट की सुविधा नहीं है। AI से प्रश्नपत्र बनाने में भी गलतियां हो सकती हैं। लिखित परीक्षा जरूरी है, क्योंकि इससे बच्चों की तार्किक क्षमता सामने आती है। सवाल: डिजिटल कॉपी जांच में क्या खामी सामने आई? जवाब: एक बच्चे को 12वीं की परीक्षा में पहले 88 अंक मिले थे, लेकिन दोबारा कॉपी जांचने पर उसका प्रतिशत 94-95 तक पहुंच गया। सोचिए, दोबारा जांच नहीं होती तो उसका कितना नुकसान होता! मैं तकनीक का विरोधी नहीं हूं, लेकिन उस पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए गलतियों की गुंजाइश कम करनी होगी। (सभी फोटो-x.com/teacheranand/)

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.