अगर आप अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए लाइफ इंश्योरेंस या टर्म प्लान खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो सिर्फ कम प्रीमियम और ज्यादा कवर देखकर फैसला न करें. आपके लिए सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि जरूरत पड़ने पर बीमा कंपनी क्लेम का पेमेंट कितनी आसानी से करती है. इसके लिए क्लेम सेटलमेंट रेश्यो (CSR) और अमाउंट सेटलमेंट रेश्यो (ASR) जैसे आंकड़े देखना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
डिट्टो इंश्योरेंस के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023-24 से 2025-26 के दौरान लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों ने पॉलिसी की संख्या के आधार पर मिले करीब 99% व्यक्तिगत मौत के दावों का पेमेंट किया. हालांकि, दावों की रकम के हिसाब से तस्वीर कुछ अलग है. इसकी एक वजह यह हो सकती है कि बड़ी रकम वाले क्लेम की जांच ज्यादा सावधानी से की जाती है, खासकर पॉलिसी के शुरुआती सालों में.
क्या होता है क्लेम सेटलमेंट रेश्यो?
क्लेम सेटलमेंट रेश्यो बताता है कि बीमा कंपनी को एक साल में जितने क्लेम मिले, उनमें से कितने प्रतिशत का पेमेंट किया गया. उदाहरण के तौर पर किसी कंपनी का CSR 99% है, तो इसका मतलब है कि उसने 100 में से करीब 99 दावों का निपटारा किया.
किन कंपनियों का CSR सबसे ज्यादा?
डिट्टो इंश्योरेंस के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 के औसत आंकड़ों में Axis Max Life और HDFC Life का क्लेम सेटलमेंट रेश्यो 99.7% रहा. PNB MetLife 99.5% के साथ अगले स्थान पर रही. Tata AIA Life और Canara HSBC Life का औसत 99.4% दर्ज किया गया.
वहीं, LIC का औसत क्लेम सेटलमेंट रेश्यो 98.2% और Generali Central Life का 97.9% रहा. लिस्ट में शामिल कंपनियों का औसत 99% और मीडियन 99.1% बताया गया है.
सिर्फ क्लेम की संख्या नहीं, रकम भी देखें
क्लेम सेटलमेंट रेश्यो (CSR) बताता है कि कंपनी को मिले कुल दावों में से कितने प्रतिशत का निपटारा हुआ. वहीं, अमाउंट सेटलमेंट रेश्यो (ASR) से पता चलता है कि कुल दावा की गई रकम में से कितनी राशि का पेमेंट किया गया. इसलिए बड़ी रकम का बीमा खरीदने वालों के लिए दोनों आंकड़े देखना जरूरी है.
इसके अलावा बीमा चुनते समय कंपनी का क्लेम रिकॉर्ड, पॉलिसी की शर्तें, प्रीमियम और कवरेज सभी की तुलना जरूर करें. ध्यान रखें कि ये आंकड़े पूरी कंपनी के लाइफ इंश्योरेंस कारोबार से जुड़े हैं, किसी एक खास पॉलिसी के नहीं. क्योंकि क्लेम का पेमेंट पॉलिसी की शर्तों और जरूरी दस्तावेजों की जांच के आधार पर होता है.
बीमा बेचने में गड़बड़ी पर बड़ा खुलासा, क्लेम पर अटक जाता है आपका पैसा
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.