ट्रेन से उतरते समय जल्दबाजी में सामान छूट जाए तो परेशानी होना जाहिर है, लेकिन अगर उस बैग में लाखों रुपए और कई देशों की करेंसी रखी हो, तो चिंता और बढ़ जाती है. ऐसा ही एक मामला नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में सामने आया, जहां सिंगापुर का एक पर्यटक लाखों रुपए की नकदी से भरा बैग ट्रेन में ही छोड़ गया. राहत की बात यह रही कि सफाई कर्मचारियों की सतर्कता से बैग सुरक्षित मिल गया और जांच के बाद उसे उसके मालिक को लौटा दिया गया.
दरअसल, बैग में 2.11 लाख रुपए की भारतीय करेंसी के अलावा अमेरिकी डॉलर, श्रीलंकाई रुपए और सिंगापुर डॉलर भी रखे थे. यात्री ने रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और तुरंत कार्रवाई के लिए उनका दिल से शुक्रिया अदा किया.
कैसे मिला पैसों से भरा बैग?
यह घटना ट्रेन नंबर 22416 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस की है. सिंगापुर के पर्यटक लिम वेंग शांग शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे थे. वाराणसी जंक्शन पर उतरते समय वह अपना एक काला बैग कोच में ही भूल गए.
ट्रेन जब मेंटेनेंस यार्ड पहुंची, तो नियमित जांच और सफाई के दौरान कोच E1 की सीट नंबर 35 पर यह बैग मिला. अटेंडेंट अनूप कुमार और सफाई कर्मचारी करण सिंह ने बैग को लावारिस देखकर इसकी जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी.
बैग में कितनी नकदी थी?
रेलवे कर्मचारियों को बैग में चार तरह की करेंसी मिली. इसमें 2,11,000 रुपए भारतीय मुद्रा, 1,000 अमेरिकी डॉलर, 1,22,000 श्रीलंकाई रुपए और 66 सिंगापुर डॉलर शामिल थे.
पहचान की जांच के बाद लौटाया सामान
बैग मिलने की सूचना पर RPF सब-इंस्पेक्टर चरण सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे. डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट वकील सिंह की मौजूदगी में बैग की जांच की गई. वहीं दूसरी ओर, शांग को जब बैग गायब होने का पता चला, तो वह अपने गाइड के साथ कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे और अधिकारियों से संपर्क किया. उन्होंने बैग और उसमें रखे सामान की जानकारी दी.
रेलवे अधिकारियों ने उनकी पहचान और सामान से जुड़े दावों की जांच की. इसके बाद पूरा बैग उन्हें सुरक्षित लौटा दिया गया. बैग वापस मिलने पर पर्यटक ने रेलवे कर्मचारियों और RPF की ईमानदारी की तारीफ की.
RAC टिकट को रेलवे ने बिना बताए किया कैंसिल, अब यात्री को मिलेंगे 25000 रुपए
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.