बुलेट ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी आई है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि बुलेट ट्रेन का ट्रायल मई 2027 में शुरू हो जाएगा. उन्होंने बताया है कि सूरत से बिलिमोरा तक बुलेट ट्रेन का 50 किलो मीटर का सेक्शन पूरी तरह इलेक्ट्रिफाइड हो गया है. अब इस हिस्से में तकनीकी जांच और टेस्टिंग की तैयारी की जा रही है.


508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर पहले चरण में सूरत से वापी के बीच करीब 100 किलोमीटर के हिस्से में ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना है. इसके बाद बाकी हिस्से को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा. रेल मंत्री के मुताबिक, भारत की पहली हाई स्पीड रेल सेवा 2027 की आखिरी तिमाही में शुरू हो सकती है.


50 किलोमीटर के सेक्शन में क्या-क्या हुआ?


सूरत-बिलिमोरा के बीच अप और डाउन दोनों ट्रैक पर बिजली पहुंचाने की व्यवस्था पूरी हो चुकी है. अब सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच के लिए अलग-अलग हिस्सों में धीरे-धीरे बिजली सप्लाई शुरू की जाएगी. इस 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में 2×25 KV का आधुनिक ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम लगाया जा रहा है. इसके अलावा पूरे रूट पर बिजली देने के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं.


बिलिमोरा में पहला ट्रैक्शन सबस्टेशन तैयार किया गया है. यहां गुजरात के 220 KV अंबेथा ग्रिड सबस्टेशन से बिजली मिलेगी. हालांकि, पूरे नेटवर्क पर नजर रखने के लिए एक केंद्रीय कंट्रोल सेंटर भी बनाया जाएगा.


पुल और सुरक्षा से जुड़े काम भी पूरे


सूरत-बिलिमोरा रूट पर चार नदियों के ऊपर पुल और नेशनल हाईवे-53 पर एक स्टील ब्रिज बनाया गया है. आसपास के इलाकों में ट्रेन के शोर को कम करने के लिए करीब 94 हजार नॉइज बैरियर भी लगाए गए हैं.


कब शुरू होगी बुलेट ट्रेन सेवा?


रेल मंत्री के मुताबिक, पहले चरण में सूरत-वापी के बीच सेवा शुरू करने की योजना है. पूरा मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर तैयार होने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर करीब 1 घंटा 58 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है. फिलहाल सड़क से इस दूरी को तय करने में 8 से 9 घंटे लगते हैं.


इस प्रोजेक्ट के लिए स्वदेशी ट्रेनसेट भी तैयार किया जा रहा है. B28 ट्रेनसेट को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के लिए बनाया जा रहा है. इसका पहला बॉडी फ्रेम तैयार हो चुका है और जांच जारी है.


त्योहारों में 20 करोड़ यात्रियों ने किया सफर


रेल मंत्री ने बताया कि त्योहारों के दौरान रेलवे ने 18 हजार अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं चलाईं और करीब 20 करोड़ यात्रियों ने सफर किया. यह पिछली बार के मुकाबले 8% ज्यादा है. उन्होंने कहा कि इस दौरान रेलवे की कमाई में भी 3-4% की बढ़ोतरी हुई.


मंत्री के मुताबिक, कोरोना के बाद रेलवे में 2,500 नई ट्रेनें जोड़ी गई हैं. इस साल यात्रियों की संख्या 800 करोड़ से ज्यादा पहुंच गई है. वहीं, RailOne ऐप को 6 करोड़ लोग डाउनलोड कर चुके हैं. रेलवे ने 52 हफ्तों में 52 सुधार करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब तक 59 सुधार किए जा चुके हैं. इनमें जनरल कोच की सफाई बेहतर करना और करीब 45 साल पुराने टिकटिंग सिस्टम को अपग्रेड करना शामिल है.


बिना जमीन वाले गरीबों के लिए बड़ा ऐलान, 15 लाख परिवारों को फ्री में मिलेंगे प्लॉट


Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.