देश की एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट की आर्थिक मुश्किलें अब विमानन सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा रही हैं. कंपनी की आर्थिक और परिचालन स्थिति पर सवाल उठाते हुए फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. संगठन ने 22 नवंबर 2026 को नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर स्पाइसजेट की आर्थिक स्थिति, कर्मचारियों की सैलरी, विमानों के रखरखाव और उड़ानों के संचालन की जांच कराने की मांग की है.


फेडरेशन का कहना है कि स्पाइसजेट का संकट सिर्फ एक कंपनी के घाटे का मामला नहीं है. इसका असर यात्रियों, पायलटों, कर्मचारियों, एयरपोर्ट संचालकों और विमानन सुरक्षा पर भी पड़ सकता है. संगठन ने सरकार से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि एयरलाइन की आर्थिक परेशानी का असर यात्रियों की सुरक्षा पर न पड़े.


2014 में 21% बाजार हिस्सेदारी - अब सिर्फ 0.6%


फेडरेशन के पत्र के मुताबिक, स्पाइसजेट कभी देश की प्रमुख घरेलू एयरलाइंस में शामिल थी. साल 2014 में घरेलू विमानन बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 21 फीसदी थी, लेकिन अक्टूबर 2026 तक यह घटकर लगभग 0.6 फीसदी रह गई. संगठन ने इसे कंपनी की बाजार में कमजोर होती स्थिति और विमान संचालन की क्षमता में बड़ी गिरावट का संकेत बताया है.


कई विमान खड़े - रोजमर्रा के खर्च पूरे करने में परेशानी


फेडरेशन ने अपनी चिट्ठी में कहा है कि स्पाइसजेट लंबे समय से नकदी की कमी और आर्थिक दबाव का सामना कर रही है. कंपनी के पास रोजमर्रा के खर्च और दूसरी वित्तीय जिम्मेदारियां पूरी करने के लिए पर्याप्त पैसा होने पर सवाल उठाए गए हैं.


संगठन के मुताबिक, विमान लीज पर देने वाली कंपनियों का बकाया, मेंटेनेंस से जुड़ी समस्याएं और जरूरी पुर्जे उपलब्ध नहीं होने के कारण कंपनी के कई विमान खड़े हैं. विमानों के खड़े रहने से कंपनी की कमाई प्रभावित होती है, जबकि विमान की लीज, बीमा और दूसरे खर्च जारी रहते हैं. इससे आर्थिक दबाव और बढ़ सकता है.


पायलटों और कर्मचारियों की सैलरी में देरी का मुद्दा


फेडरेशन ने स्पाइसजेट के कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया है. पत्र में कहा गया है कि पायलटों और दूसरे कर्मचारियों की सैलरी में देरी की शिकायतें हैं. कुछ कर्मचारियों का वेतन कई महीनों से बकाया होने की बात भी कही गई है.


एयरपोर्ट ,तेल कंपनियों और दूसरी एजेंसियों का भुगतान भी बकाया


पत्र में कहा गया है कि स्पाइसजेट पर सिर्फ कर्मचारियों की सैलरी ही नहीं बल्कि एयरपोर्ट संचालकों, तेल कंपनियों, विमान लीज पर देने वाली कंपनियों और मेंटेनेंस सेवा देने वाली एजेंसियों का भी बकाया है. कुछ सेवा देने वाली कंपनियों ने स्पाइसजेट के लिए पहले भुगतान और उसके बाद सेवा देने की व्यवस्था लागू कर दी है यानी कंपनी को सेवाएं लेने के लिए पहले पैसा देना पड़ रहा है. इससे एयरलाइन के रोजमर्रा के संचालन पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है.


DGCA ने 17 नवंबर को जारी किया था कारण बताओ नोटिस


स्पाइसजेट की स्थिति को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA ने भी कार्रवाई की थी. फेडरेशन के 22 नवंबर के पत्र के मुताबिक DGCA ने 17 नवंबर 2026 को एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इस नोटिस में उड़ानों में रुकावट, नियमों के पालन, बकाया भुगतान, खड़े विमानों और कंपनी की आर्थिक स्थिति सुधारने की योजना को लेकर सवाल उठाए गए थे. पत्र के अनुसार कंपनी को जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया था.


5,500 करोड़ जुटाने की तैयारी लेकिन पैसा कब मिलेगा?


आर्थिक संकट से निकलने के लिए स्पाइसजेट के बोर्ड ने 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है लेकिन फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने इस रकम को लेकर भी सवाल उठाए हैं. संगठन जानना चाहता है कि यह पैसा कहां से आएगा, कब तक उपलब्ध होगा और इसका इस्तेमाल किस काम में किया जाएगा. 


फेडरेशन का कहना है कि केवल नया पैसा जुटाने से कंपनी की सभी परेशानियां खत्म नहीं होंगी. एयरलाइन को पुराने बकाये चुकाने, कर्मचारियों की सैलरी देने और खड़े विमानों को दोबारा उड़ान के लिए तैयार करने की भी जरूरत है. अगर कंपनी के पास पर्याप्त पैसा नहीं है तो विमान के जरूरी पुर्जे खरीदने, इंजन की मरम्मत और समय पर मेंटेनेंस कराने में परेशानी हो सकती है. इसके अलावा एयरपोर्ट और दूसरी सेवा देने वाली कंपनियों का भुगतान रुकने से भी विमान संचालन प्रभावित होने का खतरा रहता है.


स्पाइसजेट की आर्थिक परेशानी के पीछे क्या वजहें हैं?


फेडरेशन ने कंपनी की आर्थिक परेशानी के पीछे कई कारण बताए हैं. इनमें विमानों का लंबे समय तक खड़े रहना, पुराने कर्ज और बकाये, डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में गिरावट, विमान ईंधन की ऊंची कीमत और दूसरी एयरलाइंस से कड़ी प्रतिस्पर्धा शामिल हैं. पत्र में CARE Ratings के अनुमान का हवाला देते हुए कहा गया है कि वित्त वर्ष 2024-25 में विमान ईंधन यानी ATF स्पाइसजेट के कुल खर्च का करीब 36 फीसदी था. इसके अलावा विमानों की लीज, बीमा, इंजन और पुर्जों की खरीद पर भी कंपनी को खर्च करना पड़ता है. डॉलर में होने वाले भुगतान की वजह से रुपये की कीमत गिरने पर खर्च और बढ़ जाता है.


सरकार से स्पाइसजेट की पूरी आर्थिक जांच कराने की मांग


फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मांग की है कि DGCA को स्पाइसजेट की आर्थिक और परिचालन स्थिति की तत्काल व्यापक जांच करने का निर्देश दिया जाए. फेडरेशन ने कहा है कि अगर स्पाइसजेट सुरक्षित तरीके से अपने तय शेड्यूल के अनुसार उड़ानें संचालित करने की स्थिति में नहीं है तो DGCA को उसकी उड़ानों की संख्या सीमित करने जैसे उचित कदम उठाने चाहिए.


अब सरकार और DGCA के अगले कदम पर नजर


फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने नागरिक उड्डयन मंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और मंत्रालय, DGCA, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, एयरपोर्ट नियामक संस्था, एयरलाइंस और पायलटों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाने की मांग की है.




आज सोमवार को कहां बैंक रहेंगे बंद? ब्रांच विजिट से पहले चेक करें RBI की हॉलिडे लिस्ट

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.