आम आदमी को फिर से महंगाई का एक बड़ा झटका लगा है. इस बार महंगाई की मार रसोई और सफर दोनों पर पड़ी है. दरअसल, उत्तर प्रदेश में CNG और PNG के दाम बढ़ा दिए गए हैं.ग्रीन गैस लिमिटेड (GGL) ने लखनऊ और आगरा समेत 5 शहरों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है.
कंपनी ने CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू PNG में 1 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) का इजाफा किया है. यह नई दरें लागू हो चुकी हैं, जिसका सीधा असर लाखों घरेलू उपभोक्ताओं और वाहन चालकों की जेब पर पड़ेगा.
GGL ने लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुल्तानपुर में CNG की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है. लखनऊ और आगरा में अब CNG की कीमत 110 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जो पहले 108 रुपये थी. उन्नाव में कीमत 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि अयोध्या और सुल्तानपुर में उपभोक्ताओं को अब 106 रुपये की जगह 108 रुपये प्रति किलोग्राम का भुगतान करना होगा.
लखनऊ और आगरा में CNG की कीमत 110 रुपये प्रति किलोग्राम होने के साथ कुछ ही हफ्तों में यह दूसरी बार है, जब कीमतें बढ़ाई गई हैं. इससे यात्रियों, टैक्सी चालकों और ऑटो संचालकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया है.
रसोई गैस का उपयोग करने वाले घरेलू PNG उपभोक्ताओं को भी अब अधिक भुगतान करना होगा. कंपनी ने सभी पांचों शहरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की दरों में 1 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की बढ़ोतरी की है.
लखनऊ और आगरा में घरेलू PNG की कीमत अब 57.50 रुपये प्रति SCM हो गई है, जो पहले 56.50 रुपये प्रति SCM थी. उन्नाव में PNG की नई दर 57 रुपये प्रति SCM तय की गई है, जो पहले 56 रुपये थी. अयोध्या और सुल्तानपुर में अब रसोई गैस के लिए 58.50 रुपये प्रति SCM का भुगतान करना होगा, जबकि पहले इसके लिए 57.50 रुपये देने पड़ते थे.
GGL ने इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) की खरीद लागत में हुई वृद्धि को बताया है. कंपनी के अनुसार, सर्दियों के दौरान बढ़ने वाली मौसमी मांग और वैश्विक गैस आपूर्ति में बनी अनिश्चितता के कारण इनपुट लागत बढ़ गई है. इसी बढ़े हुए खर्च की भरपाई के लिए खुदरा कीमतों में बदलाव करना पड़ा है.
:
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.