मिनरल वॉटर का नाम आते ही मन में सबसे पहले Bisleri का ख्याल आता है. आज के समय में भी जब लोग दुकान पर पानी की बोतल लेने जाते हैं, तो ब्रांड चाहे जो भी हो अकसर यही कहते नजर आते हैं कि 'Bisleri होगी क्या?'
सैंपल टेस्ट में दो बार फेल होने के बाद इन दिनों कंपनी का नाम खूब उछल रहा है. FSSAI ने इसके गोवा प्लांट से लिए गए पानी के एक सैंपल में तय मानक से अधिक ब्रोमेट सहित अन्य हानिकारक तत्व (PAHs) होने की बात कही. साथ ही कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को भी मंजूरी दे दी.
इस पर सफाई देते हुए कंपनी ने कह दिया है कि थर्ड-पार्टी लैब टेस्ट में सैंपल पूरी तरह सुरक्षित पाया गया है और कंपनी नियमों के तहत रेगुलेटरी को पूरा सहयोग कर रही है. जो ब्रांड इन दिनों इतनी सुर्खियां बटोर रहा है, जो देश के घर-घर में अपनी पहचान बना चुका है, क्या आपने कभी सोचा है कि उसकी शुरुआत कहां से और कैसे हुई होगी? आइए आपको यह दिलचस्प कहानी बताते हैं.
बिस्लेरी की शुरुआत 1851 में इटली के एक व्यवसायी, केमिस्ट और आविष्कारक सिग्नर फेलिस बिस्लेरी (Signor Felice Bisleri) ने की थी. उन्होंने पहले जड़ी-बूटियों, सिनकोना और आयरन साल्ट से बने एक ऐसा टॉनिक बनाया था, जिसे शराब के दुष्प्रभावों और मलेरिया के इलाज के लिए बेचा जाता था. फेलिस के फैमिली डॉक्टर और उनके करीबी दोस्त डॉ. सेसारे रॉसी (Dr. Rossi) फेलिस की मृत्यु के बाद कंपनी के मालिक बन गए.
कंपनी का मालिक बनने के बाद डॉ. सेसारे रॉसी ने बिस्लेरी को इटली में एक बॉटल्ड मिनरल वॉटर ब्रांड के रूप में डेवलप किया. फिर उन्होंने भारत का रुख किया, जहां उनकी मुलाकात भारतीय वकील खुशरू संतुक (Khushroo Suntook) से हुई. भारत में उन्होंने मुंबई के ठाणे में इसका पहला बॉटलिंग प्लांट लगाया.
पहले लोगों को यह कुछ रास नहीं आया क्योंकि उस दौर में पीने के पानी की कोई कमी थी ही नहीं और न ही बोतलबंद पानी का कोई चलन था. उस दौरान 5-स्टार होटलों और महंगे रेस्तराओं में ही केवल इसकी बिक्री होती थी. इस वजह से कंपनी को काफी नुकसान उठाना पड़ा. इसके चलते डॉ. रॉसी और संतुक ने बिस्लेरी को बेचने का फैसला किया.
1969 में पारले एक्सपोर्ट्स (Parle Exports) के रमेश चौहान ने महज 4 लाख रुपये में बिस्लेरी को खरीद लिया. बता दें कि पारले ने जब बिसलेरी को खरीदा था, तब यह पानी नहीं, क्लब सोडा था. बाद में कंपनी ने इसे धीरे-धीरे इसे आम लोगों के लिए किफायती मिनरल वॉटर के रूप में बाजार में उतारा.
भारतीय बाजारों में अभी Bisleri का मार्केट शेयर लगभग 32% से 36% के बीच है. इंडस्ट्री के लगाए गए अनुमानों के मुताबिक, Bisleri (36%), Kinley (20%) और Aquafina (15%) मिलकर भारत में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के लगभग 71% हिस्से को नियंत्रित करते हैं. इस बीच कई और नए ब्रांड आए, लेकिन अपने विशाल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और ब्रांड वैल्यू के दम पर Bisleri आज भी बाजार में सबसे आगे बना हुआ है.
:
कैंसर तत्वों के दावे पर Bisleri का पलटवार, सफाई में कही ये बात
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.