कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने देश के लोगों के लिए नई नौकरियां बनाने और कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्योग जगत को दिए संदेश का खुलकर समर्थन किया. वहीं, दूसरी तरह उन्होंने ही पीएम मोदी की टिप्पणियों को हकीकत बताते हुए बेरोजगारी, रेगुलेटरी समस्याओं और भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा.


FICCI के वार्षिक आम बैठक में पीएम मोदी के संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने कहा कि निजी कंपनियों को इस आरोप से पूरी तरह से छोड़ देना मुश्किल है, जहां पीएम मोदी ने सवाल उठाया था कि क्या कॉरपोरेट जगत ने सरकार की तरफ से टैक्स में कटौती के बदले रोजगार बढ़ाने और बेहतर सैलेरी देने की दिशा में कदम उठाए हैं?



न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार (23 नवंबर, 2026) को कहा, ‘मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री ने जो कहा वो हकीकत है. कॉरपोरेट कंपनियां इसके बचाव में अपने तर्क दे सकती हैं, लेकिन जहां तक मैं प्रधानमंत्री की बात को समझता हूं, सरकार ने कंपनियों में ज्यादा निवेश करने, ज्यादा रोजगार पैदा करने और कर्मचारियों की सैलेरी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से टैक्स में कटौती की है, लेकिन कंपनियों ने अपनी तरफ से किए जाने वाले वादे को पूरा नहीं किया है.’ 






उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री की आलोचना से कंपनियों को पूरी तरह से दोषमुक्त करना बहुत मुश्किल है.’



हालांकि, शशि थरूर ने नौकरी तलाशने वालों, खासकर शिक्षित युवाओं के सामने मौजूद आर्थिक संकट की ओर भी ध्यान दिलाया. इस दौरान उन्होंने उन सारे मीडिया रिपोर्टों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि वेतनभोगी रोजगार और वेतन के स्तर में बढ़ोत्तरी हुई है. उन्होंने कहा कि राजनेता लोगों से सीधे मिलने वाले फीडबैक के आधार पर ही स्थिति का आकलन कर सकते है.


उन्होंने कहा, ‘राजनेताओं के तौर पर हम आपको सिर्फ वही बता सकते हैं, जो हम अपने आसपास देखते हैं और लोगों से सुनते हैं. जनता हमें बताती है कि नौकरी पाना बहुत मुश्किल हो गया है. उदाहरण के लिए पहली बार ऐसा हुआ है कि IIT के किसी छात्र को प्लेटमेंट नहीं सका.’


उन्होंने कहा, ‘इस तरह की बात हमने पहले कभी नहीं सुनी थी. यह इस बात की तरफ से इशारा करता है कि रोजगार का माहौल काफी निराशाजनक है. अगर मुझे गलत याद नहीं है, तो वर्तमान में रोजगार से बाहर कॉलेज ग्रैजुएट्स के प्रतिशत के मामले में हम शायद दुनिया में रिकॉर्ड बना रहा है. यह संख्या के लिहाज से भी और नौकरी तलाशने वालों में ऐसे लोगों के प्रतिशत के लिहाज से भी है. ये एक गंभीर मामला है.’ 


Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.