देश में करीब 81 करोड़ लोगों को हर महीने मुफ्त अनाज देने वाली प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) पर केंद्र सरकार की एक हालिया समीक्षा ने बड़ी खामी उजागर की है. 2025-26 में कराए गए इस सर्वे में पाया गया कि राशन लेने वाले 100 में से करीब 13.2 लाभार्थी अपात्र हैं यानी उन्हें मुफ्त अनाज नहीं मिलना चाहिए. इन अपात्र परिवारों में वे लोग शामिल हैं जिनके पास तीन या ज्यादा कमरों वाला पक्का मकान, कार, एयर कंडीशनर है या परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है. यह आंकड़ा देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 51,303 लाभार्थी परिवारों के सैंपल पर आधारित है.
तो यह लीकेज कहां हो रही है और रिपोर्ट का सार क्या निकलता है...
कहां सबसे ज्यादा और कहां सबसे कम अपात्र?
अपात्र लोगों का राशन लेना हर राज्य में एक जैसा नहीं है. पश्चिम बंगाल में यह दर सबसे ज्यादा 39.5% है, यानी लगभग हर तीसरा राशन लेने वाला अपात्र है. इसके बाद त्रिपुरा (39.2%) और तमिलनाडु (38.7%) का नंबर है. बिहार (25.5%), ओडिशा (22.9%), पंजाब (20.6%) और महाराष्ट्र (20.3%) जैसे राज्यों में भी यह दर 20% से ऊपर है.
दूसरी तरफ, कुछ राज्यों ने बेहतर काम किया है. मध्य प्रदेश में यह दर सिर्फ 0.5% और जम्मू-कश्मीर में 0.3% है. हरियाणा (1.0%), दिल्ली (1.0%) और राजस्थान (1.8%) में भी अपात्र लोगों की संख्या काफी कम है. रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में त्रुटि दर ज्यादा है, जबकि उत्तरी और पश्चिमी राज्यों में हालात बेहतर हैं.
यह स्थिति तब है जब 2025-26 में केंद्र का कुल खाद्य सब्सिडी बिल 2.28 लाख करोड़ रुपये था, जो उसके कुल 4.69 लाख करोड़ रुपये के सब्सिडी बिल का लगभग आधा हिस्सा है. इसका सीधा मतलब है कि सरकार का कीमती पैसा उन लोगों तक पहुंच रहा है जो वाकई इसके हकदार नहीं.
समस्या की जड़ क्या है?
इस पूरी गड़बड़ी की सबसे बड़ी वजह योजना का ढांचा है. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) 2013 की धारा 9 के तहत कुल लाभार्थियों की संख्या केंद्र सरकार तय करती है, लेकिन धारा 10 के तहत जमीनी स्तर पर परिवारों की पहचान करने और दिशानिर्देश बनाने की जिम्मेदारी राज्यों की है. हर राज्य अपनी अलग कसौटी अपनाता है. कोई आय देखता है, तो कोई संपत्ति, जमीन या नौकरी.
हर राज्य के नियम अलग हैं और कई राज्यों ने अपनी लिस्ट सालों से अपडेट नहीं की, इसलिए जो परिवार पहले गरीब थे, लेकिन अब उनके पास कार या पक्का मकान हो गया है, वे अभी भी राशन ले रहे हैं.

सरकार इससे निपटने के लिए क्या कर रही है?
इस समस्या से निपटने के लिए सरकार आधार-आधारित e-KYC के जरिए अपात्र लोगों को हटाने का अभियान चला रही है. जून 2026 तक सरकार ने 8.51 करोड़ संदिग्ध लाभार्थियों की पहचान की थी, जिनमें से राज्यों ने अब तक 2.21 करोड़ राशन कार्ड रद्द कर दिए हैं.
देशभर में अब तक 87% से ज्यादा लाभार्थियों का e-KYC पूरा हो चुका है. ओडिशा जैसे राज्यों में यह आंकड़ा 97% तक पहुंच गया है.
एक्सक्लूजन एरर का बढ़ता खतरा
अगर सिर्फ e-KYC के आधार पर सख्ती से लोगों को हटाया गया, तो असली जरूरतमंद भी बाहर हो सकते हैं. इसे 'एक्सक्लूजन एरर' कहते हैं. ऐसा उन लोगों के साथ हो सकता है जिनके आधार में तकनीकी गड़बड़ी है, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट मैच नहीं हो रहा या जो दूरदराज के इलाकों में रहते हैं और जिनके पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है.
इस वजह से सिर्फ डेटा साफ करना काफी नहीं है. यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी असली हकदार राशन से वंचित न रहे.
सरकार की स्टडी साफ बताती है कि देश में मुफ्त राशन का पैसा पूरी तरह से सही लोगों तक नहीं पहुंच रहा है. जहां एक तरफ 13% अपात्र लोग सिस्टम में मौजूद हैं, वहीं दूसरी तरफ तकनीकी खामियों के कारण असली जरूरतमंदों के बाहर होने का खतरा भी है.
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि ऐसे में जरूरत इस बात की है कि राज्य अपनी पात्रता कसौटी को समय-समय पर अपडेट करें और ऐसी प्रणाली बनाएं जो संपत्ति और आय के बदलाव को अपने आप ट्रैक कर सके. इससे मुफ्त अनाज सिर्फ उन्हीं तक पहुंचे जो वाकई भूखे हैं.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.