पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर अब ‘पश्चिम बंग’ (Paschim Banga) करने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि नाम बदलने का यह प्रस्ताव 9 दिसंबर 2026 को राज्य विधानसभा में पेश किया जाएगा. इससे पहले सोमवार (23 नवंबर 2026) को ही राज्य कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है. सीएम शुभेंदु अधिकारी ने इतिहास से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि यह बदलाव होना ही चाहिए. विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा.
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सीएम शुभेंदु ने कहा हैं, 'अंग्रेजी में भी पश्चिम बंगाल को पश्चिम बंगा (Paschim Banga) कहा जाएगा. इसे बिल्कुल इसी तरह लिखा जाना चाहिए. हम 9 तारीख को विधानसभा में एक प्रस्ताव ला रहे हैं. इसके बाद यह भारत सरकार के पास और फिर संसद में जाएगा. कैबिनेट ने आज इसे मंजूरी दे दी है और हम 9 तारीख को विधानसभा में यह प्रस्ताव पेश करेंगे. यह इतिहास से जुड़ा मामला है- पश्चिम बंगाल के गठन का इतिहास, जो 1947 में हुआ था. यह बदलाव होना ही चाहिए. वेस्ट बंगाल की जगह अब पश्चिम बंगा होगा.'
केंद्र और संसद की मंजूरी अनिवार्य
राज्य विधानसभा से यह प्रस्ताव पास होने के बाद इसे अंतिम मुहर के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा. किसी भी राज्य का नाम औपचारिक रूप से बदलने के लिए केंद्र सरकार और संसद की मंजूरी अनिवार्य होती है. यह घोषणा पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के अक्टूबर में दिए गए उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने राज्य का नाम बदलने के संकेत दिए थे.
2011 और 2018 में भी खारिज हो चुके हैं प्रस्ताव
राज्य का नाम बदलने को लेकर यह बहस नई नहीं है, बल्कि एक दशक से भी अधिक समय से चल रही है. इससे पहले साल 2011 में भी राज्य का नाम 'पश्चिम बंग' या 'पश्चिम बोंगो' करने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन तब केंद्र की मंजूरी नहीं मिल पाई थी. इसके बाद 2016 से 2018 के बीच पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने राज्य का नाम बदलकर 'बांग्ला' (Bangla) करने का प्रस्ताव रखा था और जुलाई 2018 में विधानसभा से इसे पास भी किया था, लेकिन केंद्र सरकार ने उस प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया था.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.