पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली 28 नवंबर को कराची के बीच लग्जरी होटल में लाइव परफॉर्म करने वाले हैं. इसके अलावा इस्लामाबाद और लाहौर में भी उनके इवेंट्स होने वाले हैं. लेकिन स्टेज पर वापसी से पहले सिंगर ने अपनी बीमारी को लेकर बड़ा खुलासा किया है.


उन्होंने बताया कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा नाम का ब्लड कैंसर था. इस बीमारी की वजह से उन्हें करीब एक साल तक बिस्तर पर रहना पड़ा. इस दौरान उनका कीमोथेरेपी से इलाज भी हुआ.


एक साल तक बिस्तर पर रहे सिंगर


हाल ही में कराची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शफकत ने अपनी बीमारी के बारे में जाकारी दी. उन्होंने कहा कि कैंसर की खबर से उनका परिवार, दोस्त और फैंस सभी परेशान हो गए थे. उन्होंने कहा, ‘यह मेरा बुरा दौर था. यह कुछ ऐसा था जिसने मुझे, मेरे परिवार, दोस्तों और फैंस को हिलाकर रख दिया था. उस समय हम यह बात कुछ दोस्तों से भी छिपा रहे थे, क्योंकि हम इलाज में व्यस्त थे. मैं मल्टीपल मायलोमा से जूझ रहा था.’ 


सिंगर ने बताया कि उनकी बीमारी का पता शुरुआती दौर में ही चल गया था. इसके बाद उन्होंने कराची में कई डॉक्टरों से सलाह ली और अपना इलाज शुरू कराया.


हर हफ्ते चल रहा है इलाज, स्टेम सेल थेरेपी भी बाकी


शफकत ने बताया कि वह करीब एक साल तक बिस्तर पर रहे. इलाज के बाद उन्होंने दोबारा गाना शुरू किया और स्टेज पर भी वापसी की. हालांकि, उनका इलाज अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. फिलहाल वह हर हफ्ते मेंटेनेंस थेरेपी ले रहे हैं. उन्होंने बताया कि अभी उन्हें स्टेम सेल थेरेपी भी करवानी है. सिंगर ने कहा कि वह अब ठीक हैं, लेकिन उनका इलाज अभी जारी है.


करीब एक साल तक बिस्तर पर रहने के बाद दोबारा स्टेज पर गाना उनके लिए आसान नहीं था. शफकत ने बताया कि इलाज के एक चरण के बाद उन्होंने लाहौर में परफॉर्म किया था. उस समय उनकी शारीरिक हालत ऐसी नहीं थी कि आसानी से गा सकें, फिर भी उन्होंने स्टेज पर वापसी की.


अब वह 28 नवंबर को कराची में लाइव परफॉर्म करेंगे. इसके बाद इस्लामाबाद और लाहौर में भी उनके इवेंट्स होंगे.


'मितवा' गाने से भारत में मिली पहचान


शफकत अमानत अली का परिवार कई पीढ़ियों से शास्त्रीय संगीत से जुड़ा रहा है. वह मशहूर गायक उस्ताद अमानत अली खान के बेटे और गायक असद अमानत अली खान के छोटे भाई हैं. उन्होंने पाकिस्तानी रॉक बैंड फुजॉन के मेन सिंगर के तौर पर भी पहचान बनाई.


भारत में उन्हें साल 2006 में आई शाहरुख खान की फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' के गाने 'मितवा' से खास पहचान मिली थी. इसके अलावा उन्होंने 'डोर' फिल्म का 'ये हौसला', 'माय नेम इज खान' का 'तेरे नैना' और 'रा.वन' का 'दिलदारा' जैसे मशहूर गाने भी गाए हैं.

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.