Most Expensive School in Pakistan: पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति भले ही चुनौतियों से गुजर रही हो, लेकिन वहां के कुछ चुनिंदा हाई-प्रोफाइल और इंटरनेशनल स्कूलों की फीस के आंकड़े चौंकाने वाले हैं. पाकिस्तान के सबसे महंगे स्कूलों की सूची में राजधानी इस्लामाबाद स्थित इंटरनेशनल स्कूल ऑफ इस्लामाबाद शीर्ष पर है. इस स्कूल की सबसे खास बात यह है कि यहां फीस पाकिस्तानी रुपये के बजाय सीधे अमेरिकी डॉलर में तय की गई है, जो इसे देश के आम और मध्यम वर्गीय परिवारों की पहुंच से पूरी तरह बाहर बनाती है.


इंटरनेशनल स्कूल ऑफ इस्लामाबाद का फीस स्ट्रक्चर


स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के फीस चार्ट के मुताबिक, यहां दाखिला लेने के समय अभिभावकों को भारी-भरकम वन-टाइम शुल्क देना होता है. प्री-केजी 1 से कक्षा 12वीं तक के लिए आवेदन शुल्क 400 अमेरिकी डॉलर है, जबकि केजी-2 से कक्षा 12वीं तक के नए छात्रों के लिए एकमुश्त डेवलपमेंट फीस 6,975 अमेरिकी डॉलर निर्धारित की गई है.


इसके अलावा सालाना ट्यूशन फीस की बात करें तो प्री-किंडरगार्टन के लिए 12,877 डॉलर और केजी-1 के लिए 17,713 डॉलर प्रति वर्ष शुल्क लिया जाता है. वहीं, केजी-2 से कक्षा 5वीं तक की सालाना ट्यूशन फीस 26,139 डॉलर, कक्षा 6वीं से 11वीं तक 27,271 डॉलर और कक्षा 12वीं के लिए 29,471 अमेरिकी डॉलर है. इसके अतिरिक्त छात्रों से 375 डॉलर सालाना फैसिलिटी फीस और 165 डॉलर एक्टिविटी फीस भी वसूली जाती है.


पाकिस्तान के अन्य महंगे और चर्चित स्कूल


इंटरनेशनल स्कूल ऑफ इस्लामाबाद के अलावा भी पाकिस्तान में कई ऐसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान हैं, जिनकी फीस लाखों पाकिस्तानी रुपये में है. इनमें लाहौर स्थित ऐतिहासिक ऐचिसन कॉलेज का नाम प्रमुख है, जिसे पाकिस्तान का ईटन भी कहा जाता है. कॉलेज के 2026-27 के आधिकारिक शुल्क विवरण के अनुसार, यहां केजी स्तर पर मासिक ट्यूशन फीस 74,500 पाकिस्तानी रुपये से शुरू होकर इंटरमीडिएट कक्षाओं के लिए 1,03,200 पाकिस्तानी रुपये प्रति माह तक जाती है.


इसके साथ ही गैर-सरकारी श्रेणी के छात्रों को दाखिले के समय 3,50,000 रुपये एडमिशन फीस और 1,00,000 रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होता है. वहीं, हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के लिए मासिक बोर्डिंग चार्ज 78,900 से 94,200 पाकिस्तानी रुपये तक अलग से देय है.


यह भी पढ़ें- Harvard University Study: क्या मोबाइल फोन पर बैन से बेहतर होता है रिजल्ट? चौंका देगी यह स्टडी


लाहौर ग्रामर स्कूल और अमेरिकन स्कूलों का खर्च


इसी तरह लाहौर ग्रामर स्कूल की इंटरनेशनल शाखाएं, लाहौर अमेरिकन स्कूल और कराची अमेरिकन स्कूल भी देश के सबसे महंगे संस्थानों में गिने जाते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, एलजीएस इंटरनेशनल में पहली कक्षा से लेकर 12वीं तक की सालाना फीस लगभग 12,839 से 15,251 अमेरिकी डॉलर के दायरे में रहती है, जो पाकिस्तानी मुद्रा में लाखों रुपये बैठती है. इन स्कूलों में मुख्य रूप से राजनयिकों, विदेशी नागरिकों, बड़े उद्योगपतियों और देश के प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों के बच्चे पढ़ाई करते हैं.


यह भी पढ़ें- DRDO Paid Internship: DRDO में पेड इंटर्नशिप का मौका, हर महीने मिलेंगे 5000 रुपये

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.