Delhi NCR Air Pollution Survey: दिल्ली-NCR में प्रदूषण अब सिर्फ सर्दियों में कुछ दिनों की खराब हवा तक सीमित नहीं रह गया है. लगातार खराब होती हवा का असर लोगों की सेहत, रोजमर्रा की जिंदगी और जेब पर भी पड़ रहा है. यही वजह है कि अब बड़ी संख्या में लोग यहां रहने को लेकर भी सोचने लगे हैं. एक नए सर्वे में सामने आया है कि दिल्ली-NCR के 37 प्रतिशत लोग जल्द ही यहां से बाहर जाने का मन बना रहे हैं. वहीं, 94 प्रतिशत लोगों को आने वाले समय में इलाज का खर्च उठाने की चिंता सता रही है.
कम्युनिटी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लोकलसर्किल्स ने दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद के 83 हजार से ज्यादा लोगों के बीच यह सर्वे किया. सर्वे के नतीजे बताते हैं कि हवा की खराब क्वालिटी अब लोगों के लिए सिर्फ सांस लेने की परेशानी नहीं रह गई है. इसका असर उनके स्वास्थ्य, खर्च और रहने की जगह चुनने के फैसले पर भी पड़ रहा है.
72% लोगों के जान-पहचान में कोई गंभीर बीमारी से जूझ रहा
सर्वे में 24,729 लोगों से पूछा गया कि क्या उनके परिवार, दोस्तों, पड़ोसियों, साथ काम करने वालों या खुद उन्हें हवा की खराब क्वालिटी से जुड़ी कोई गंभीर बीमारी हुई है. जवाब में 72 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे अपने आसपास कम से कम एक ऐसे व्यक्ति को जानते हैं, जिसे ऐसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या हुई है. इनमें 32 प्रतिशत लोग ऐसे थे, जो एक व्यक्ति को जानते हैं. 17 प्रतिशत ने बताया कि उनके जान-पहचान में दो से तीन लोग ऐसी परेशानी से जूझ रहे हैं, जबकि 17% लोगों ने चार से छह लोगों के बारे में बताया. वहीं, 6 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे 10 से ज्यादा ऐसे लोगों को जानते हैं.

इतने प्रतिशत लोग बताते हैं सुरक्षित
इन बीमारियों में लंग कैंसर, सीओपीडी, अस्थमा, हार्ट फेलियर, स्ट्रोक और याददाश्त से जुड़ी परेशानी शामिल थीं. डॉक्टरों के बीच भी लंबे समय तक खराब हवा में रहने से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर चिंता बढ़ रही है. अस्पतालों में लगातार खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं. इनमें ऐसे युवा भी शामिल हैं, जिन्हें पहले सांस से जुड़ी कोई बीमारी नहीं थी.
दिल्ली में 8.2 साल तक कम हो सकती है उम्र
एयर क्वालिटी लाइफ इंडेक्स के मुताबिक, अगर दिल्ली की हवा में मौजूद बारीक कणों का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन की तय सीमा के मुताबिक नहीं हुआ तो यहां रहने वाले लोगों की औसत उम्र 8.2 साल तक कम हो सकती है.
दिल्ली-NCR में एक और सर्दी खराब हवा के बीच
सर्वे के नतीजे ऐसे समय आए हैं जब दिल्ली-NCR में एक बार फिर हवा की हालत खराब हो रही है. दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा और 8 नवंबर को एक्यूआई 376 तक पहुंच गया. पीएम2.5 और पीएम10 जैसे छोटे कण सबसे ज्यादा चिंता की वजह हैं. ये सांस के जरिए लंग्स के अंदर तक पहुंच सकते हैं. पीएम2.5 के कण इतने छोटे होते हैं कि वे लंग्स से आगे ब्लड तक भी पहुंच सकते हैं.

दिल्ली की हवा सिर्फ दिल्ली के प्रदूषण से खराब नहीं होती. गाड़ियों से निकलने वाला धुआं, निर्माण वाली जगहों की धूल, फैक्ट्रियों का धुआं, कचरा जलाना और आसपास के राज्यों में पराली जलाने से निकलने वाला धुआं भी हवा को खराब करता है. प्रदूषण बढ़ने पर ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान यानी जीआरएपी के तहत कई तरह की पाबंदियां लगाई जाती हैं. हवा में सुधार होने पर इन्हें हटाया भी जाता है. लेकिन एक्यूआई बार-बार ऊपर-नीचे होने की वजह से इन कदमों के असर को लेकर सवाल बने हुए हैं. इसका असर लोगों की रोज की जिंदगी पर भी पड़ता है. बाहर निकलना, ऑफिस जाना, बच्चों का स्कूल जाना और खुले में समय बिताना तक सोच-समझकर करना पड़ रहा है.
94% लोगों को इलाज के खर्च की चिंता
खराब हवा का असर सिर्फ सेहत पर नहीं पड़ रहा, बल्कि लोगों को आने वाले इलाज के खर्च की भी चिंता होने लगी है. सांस की बीमारी, दिल से जुड़ी परेशानी और दूसरी लंबे समय तक चलने वाली बीमारियों में लगातार डॉक्टर को दिखाना, टेस्ट कराना और दवाएं लेना पड़ सकता है. अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आए तो खर्च और बढ़ जाता है. खासकर उन परिवारों के लिए यह बड़ी परेशानी बन सकती है, जिनके पास पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस नहीं है.
लोकलसर्किल्स ने इस मुद्दे पर 24,560 लोगों से भी सवाल किया. उनसे पूछा गया कि क्या वे खुद और अपने परिवार के आने वाले इलाज के खर्च को लेकर चिंतित हैं. जवाब में 77 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे इस खर्च को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित हैं, जबकि 17 प्रतिशत ने कुछ हद तक चिंता जताई. यानी कुल 94% लोगों को आने वाले इलाज के खर्च की किसी न किसी स्तर पर चिंता है.
लंबे समय तक चलने वाली बीमारी में इनहेलर, दवाइयां, डॉक्टर की फीस और अलग-अलग टेस्ट का खर्च लगातार बढ़ सकता है. खराब हवा के दिनों में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस या दिल की बीमारी वाले लोगों को ज्यादा देखभाल की जरूरत पड़ सकती है. सर्वे से पता चलता है कि लोगों को अब यह डर भी सताने लगा है कि आने वाले समय में प्रदूषण की वजह से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं पर उनकी बचत का बड़ा हिस्सा खर्च हो सकता है.
37% लोग दिल्ली-NCR छोड़ने का बना रहे मन
सर्वे का सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा यह है कि बड़ी संख्या में लोग प्रदूषण की वजह से दिल्ली-NCR छोड़ने के बारे में सोच रहे हैं. 34,160 लोगों से पूछा गया कि क्या वे खराब हवा के बावजूद दिल्ली-NCR में रहना जारी रखेंगे. इनमें 37 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे जल्द ही यहां से बाहर जाने की योजना बना रहे हैं. वहीं, 58 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें यहीं रहना है या वे यहीं रहेंगे. इसकी वजह नौकरी, कारोबार, परिवार और दूसरी जिम्मेदारियां हो सकती हैं. दिसंबर 2025 में हुए लोकलसर्किल्स के एक पुराने सर्वे से तुलना करें तो बदलाव काफी बड़ा है. उस समय सिर्फ 8 प्रतिशत लोगों ने कहा था कि वे प्रदूषण की वजह से दिल्ली-NCR छोड़ने के बारे में सोच रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : Winter health Care tips for Kids : बढ़ती ठंड में बच्चों को बीमार होने से कैसे बचाएं? ये टिप्स आएंगे काम
दिल्ली-NCR में लंबे समय के समाधान की जरूरत
सर्वे के नतीजे बताते हैं कि दिल्ली-NCR में प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए सिर्फ कुछ दिनों की पाबंदियां काफी नहीं हैं. इसके लिए लंबे समय तक चलने वाली योजना की जरूरत है. दिल्ली-NCR की हवा कई अलग-अलग वजहों से खराब होती है और इसमें आसपास के राज्यों का भी असर रहता है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.