कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे टेस्ट में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग 11 से बाहर रखे जाने पर सवाल उठाते हुए धर्म की वजह से भेदभाव करने का आरोप लगाया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 'नाम सिराज है, यही क्या कम है?' बता दें कि सिराज को नहीं खिलाए जाने पर क्रिकेट जगत भी हैरान है. वसीम जाफर, आकाश चोपड़ा, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री जैसे दिग्गजों ने भी इसको लेकर सवाल उठाया.
एएनआई से बात करते हुए इमरान मसूद ने कहा, "कहा जा रहा है कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई. उनका नाम सिराज है, और शायद इसीलिए उन्हें जगह नहीं मिली. अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी उन्हें नहीं चुना जा रहा है, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है."
मोहम्मद सिराज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 11 मैचों में खेली 21 पारियों में 43 विकेट लिए हैं. वह पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर पांचों टेस्ट खेलने वाले एकमात्र तेज गेंदबाज थे. दिग्गजों को भी हैरानी हुई जब वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उन्हें नहीं खिलाया गया.
रवि शास्त्री ने सिराज को नहीं खिलाए जाने पर सवाल उठाते हुए अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "अगर पैमाना गति, कौशल और सीम मूवमेंट हो, और 140 किमी/घंटा की रफ्तार हासिल करना मुश्किल हो, तो यह सवाल तो बनता ही है. मोहम्मद सिराज कहां थे? अनुभव, आक्रामकता और गेंद से कुछ खास कर दिखाने की क्षमता. इन बातों की भी तो कुछ अहमियत होती है!"
Hope India bounce back strongly. But if pace, skill and seam movement were the criteria, and 140 clicks was hard to come by, one has to ask the question. Where was MOHD SIRAJ? Experience, aggression and the ability to make things happen with the ball. Surely that counts for something!
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) November 19, 2026
वेलिंगटन टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी के चलते टीम ने न्यूजीलैंड के 5 विकेट महज 70 के स्कोर पर गिरा दिए थे. आकाश दीप और अंशुल कंबोज को भी 1-1 विकेट मिला, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा प्रभावी गेंदबाजी नहीं कर पाए.
हालांकि पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कृष्णा का बचाव करते हुए कहा था कि वह अटैकिंग गेंदबाज हैं और रन दे सकते हैं. सिराज को प्लेइंग 11 से बाहर रखे जाने पर कोच ने कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि सिराज को बाहर बैठाना गलत फैसला है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.