नौकरी करने वाले हर व्यक्ति के मन में यह सवाल होता है कि रिटायरमेंट के बाद घर का खर्च कैसे चलेगा. अब इस मामले में EPFO ने एक बड़ा कदम उठाया है. रिटायरमेंट के बाद PF का पूरा पैसा एक साथ लेना अब जरूरी नहीं होगा.  


आप चाहें तो यह पैसा नियमित किस्तों में भी ले सकेंगे. EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने गुरुवार को सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी दे दी है!  यह नई व्यवस्था है क्या? अब तक क्या होता था और आपको इससे क्या फायदा होगा. आइए आसान भाषा में समझते हैं.


1.अब तक कैसे मिलता था PF का पैसा? 


अब तक रिटायरमेंट के बाद PF का पूरा पैसा एक साथ मिलता था. कर्मचारी Form 19 भरता था और पूरी रकम एक बार में उसके बैंक खाते में आ जाती थी. किस्तों में पैसा लेने का कोई रास्ता नहीं था. 


2.क्या पैसा खाते में छोड़ा नहीं जा सकता था?


छोड़ा जा सकता था लेकिन सिर्फ कुछ समय के लिए. रिटायरमेंट के तीन साल बाद अगर खाते में कोई पैसा नहीं आता तो खाता इनऑपरेटिव यानी बंद जैसा मान लिया जाता है. इसके बाद उस पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है यानी आखिर में पैसा एक साथ ही निकालना पड़ता था.


3.नौकरी के दौरान भी तो PF से पैसा निकलता है?


बीमारी, पढ़ाई, शादी या घर जैसी जरूरतों के लिए नौकरी के दौरान PF से कुछ पैसा निकाला जा सकता है लेकिन यह किसी खास काम के लिए लिया गया एडवांस होता है. इससे रिटायरमेंट के बाद हर महीने की आमदनी का इंतजाम नहीं होता.


4.पेंशन तो पहले से हर महीने मिलती है फिर नया क्या है?


यहीं ज्यादातर लोग उलझ जाते हैं. EPFO में दो अलग हिस्से होते हैं. पहला है EPS यानी पेंशन जो रिटायरमेंट के बाद हर महीने मिलती है.  दूसरा है PF जो अब तक एक साथ मिलता था. नया फैसला इसी PF वाले हिस्से के लिए है.


4.अब नई व्यवस्था में क्या होगा?


SWP चुनने पर आप अपना PF का पैसा नियमित किस्तों में ले सकेंगे. जो पैसा आप नहीं निकालेंगे वह PF खाते में ही रहेगा और उस पर आपका हक बना रहेगा. यह सिर्फ एक विकल्प है. अगर आप पूरा पैसा एक साथ लेना चाहते हैं तो पहले की तरह ऐसा कर सकेंगे.


5.एक उदाहरण से समझिए


मान लीजिए रमेश 58 साल की उम्र में रिटायर हुए और उनके PF खाते में 20 लाख रुपये हैं. अब तक उन्हें यह पूरी रकम एक साथ मिलती. अगर वे पैसा खाते में छोड़ देते तो तीन साल बाद उस पर ब्याज मिलना बंद हो जाता. नई व्यवस्था में रमेश SWP चुनकर नियमित किस्तों में पैसा ले सकेंगे और बाकी रकम उनके PF खाते में ही रहेगी.


6.किस्तें चलते समय कर्मचारी की मौत हो गई तो?


ऐसी हालत में परिवार का पैसा नहीं डूबेगा. कर्मचारी का नॉमिनी या आश्रित बचा हुआ पैसा एक साथ ले सकेगा. अगर वह चाहे तो किस्तों में लेना जारी भी रख सकेगा.


7.आपको इससे क्या फायदा होगा?


सरकार का कहना है कि इससे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को एक तय और भरोसेमंद आमदनी मिलती रहेगी. एक साथ मिली बड़ी रकम अक्सर जल्दी खर्च हो जाती है. किस्तों में पैसा मिलने से रोज के खर्च आराम से चलते रहेंगे और परिवार की आर्थिक सुरक्षा भी मजबूत होगी.


8.क्या हर महीने ही मिलेगी किस्त?


यह अभी तय नहीं है. किस्त हर महीने मिलेगी या किसी और अंतराल पर, किस्त की रकम कितनी होगी, कितने समय तक मिलेगी और खाते में बचे पैसे पर ब्याज मिलेगा या नहीं इन सबके नियम अभी आने बाकी हैं. SWP चुनने वालों पर तीन साल बाद ब्याज बंद होने वाला नियम लागू होगा या नहीं यह भी अभी नहीं बताया गया है.


9.कब से मिलेगी यह सुविधा?


इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है. EPFO जब पूरे नियम जारी करेगा तभी इसके लिए आवेदन हो सकेगा. तब तक आपको कुछ करने की जरूरत नहीं है.


10. किन बातों का ध्यान रखें?


SWP के नाम पर आने वाले किसी भी कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें. EPFO कभी फोन पर आपका UAN, पासवर्ड या OTP नहीं मांगता. सही जानकारी के लिए सिर्फ EPFO की वेबसाइट या उसके ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट देखें.


समुद्र के नीचे से गुजरेगी बुलेट ट्रेन, 508 KM लंबे प्रोजेक्ट में क्या-क्या बना?


Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.