India car Sales Report: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में कारों की बिक्री को लेकर ताजा आंकड़े सामने आए हैं, जो काफी दिलचस्प तस्वीर पेश करते हैं. सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स द्वारा जारी वित्त वर्ष 2026-27 तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक, देश में यात्री वाहनों की बिक्री में महाराष्ट्र पहले स्थान पर रहा है. इस तिमाही के दौरान पूरे देश में कुल 13.61 लाख यात्री वाहनों की कुल बिक्री हुई, जिसमें पिछले साल के मुकाबले 30.7 प्रतिशत की बड़ी उछाल दर्ज की गई है.
आंकड़ों के अनुसार, जुलाई से सितंबर 2026 के बीच अकेले महाराष्ट्र में 1.65 लाख यात्री वाहन बिके, जो देश की कुल बिक्री का 12.1 प्रतिशत है. पिछले साल इसी तिमाही में महाराष्ट्र में 1.32 लाख और अप्रैल-जून तिमाही में 1.47 लाख गाड़ियां बिकीं थीं. हालांकि, इस बार महाराष्ट्र की बिक्री में लगभग 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जो राष्ट्रीय औसत 30.7 प्रतिशत से थोड़ी कम रही. इसी वजह से देश के कुल बाजार में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी पिछले साल के 12.7 प्रतिशत से घटकर 12.1 प्रतिशत रह गई है.
कार बिक्री के मामले में उत्तरप्रदेश देश का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा है. यूपी में इस तिमाही के दौरान लगभग 1.33 लाख कारें बिकीं, जो कुल बिक्री का 9.8 प्रतिशत है. इसके बाद तीसरे पर गुजरात रहा, जहां 8.3 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ करीब 1.13 लाख गाड़ियां बिकीं. चौथे स्थान पर तमिलनाडु, 7.7 प्रतिशत हिस्सेदारी, करीब 1.05 लाख यूनिट्स और पांचवे स्थान पर कर्नाटक, 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी, करीब 0.98 लाख यूनिट्स रहा. देश की कुल बिक्री में महाराष्ट्र के बाद यूपी, गुजरात और तमिलनाडु की हिस्सेदारी मिलाकर बाजार के करीब एक-तिहाई हिस्से के बराबर बैठती है.
Indian Auto Sector: Maruti, Mahindra और Hero की निकली लॉटरी, जानें वजह
इस तिमाही में केरल ने सबसे चौंकाने वाला प्रदर्शन किया है. केरल में कारों की बिक्री लगभग 37 प्रतिशत बढ़कर करीब 0.95 लाख यूनिट्स पर पहुंच गई, जिससे उसकी बाजार हिस्सेदारी 6.7 प्रतिशत से बढ़कर 7 प्रतिशत हो गई है. अन्य राज्यों की बात करें तो हरियाणा में करीब 0.84 लाख, राजस्थान में 0.72 लाख और दिल्ली में 0.65 लाख कारों की बिक्री हुई. वहीं, बिहार में कारों की बाजार हिस्सेदारी 2.1 प्रतिशत रही, जबकि देश की कुल टू-व्हीलर बिक्री में बिहार की हिस्सेदारी 4.9 प्रतिशत है.
क्षेत्र के हिसाब से देखें तो पश्चिमी जोन 4.29 लाख यूनिट्स के साथ देश में सबसे आगे रहा. इसके अलावा देश में बिकने वाले कुल यात्री वाहनों में यूटिलिटी व्हीक्ल्स की हिस्सेदारी 68 प्रतिशत रही, जो दिखाता है कि भारतीय ग्राहक अब छोटी कारों के बजाय बड़ी गाड़ियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं.
VinFast Electric Scooter: अब भारत में दौड़ेंगे VinFast के स्कूटर, इन 3 मॉडल से होगी एंट्री
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.