नई दिल्ली: 2018 के बॉल टेंपरिंग विवाद ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में हलचल मचा दी है। उस्मान ख्वाजा की किताब के बाद डेविड वॉर्नर और कैमरन बेनक्रॉफ्ट के खुलासों ने टीम के कई खिलाड़ियों को मुश्किल में डाल दिया है। खास बात यह है कि कमिंस अब भी अपने बयान पर कायम हैं और उनका कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
कैसे दोबारा चर्चा में आया सैंडपेपरगेट?यह विवाद मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान सामने आया था। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज कैमरन बेनक्राफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में देखा गया था। उनका मकसद गेंद की एक तरफ की सतह को खुरदरा करके रिवर्स स्विंग हासिल करना था। मामला सामने आने के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और बेनक्राफ्ट पर कार्रवाई हुई। स्मिथ और वॉर्नर को 12-12 महीने, जबकि बेनक्राफ्ट को नौ महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा। इस घटना ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को बड़ा नुकसान पहुंचाया था।
उस्मान ख्वाजा की किताब ने फिर उठाए सवालइस विवाद को दोबारा हवा उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' से मिली। ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी केवल उन तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, जिन्हें सजा मिली थी। उनके मुताबिक, टीम के ड्रेसिंग रूम में इस बारे में बातचीत हुई थी और कई खिलाड़ियों को इसकी जानकारी थी। ख्वाजा ने यह भी लिखा कि वह खुद इस पूरे घटनाक्रम से अनजान नहीं थे। उन्होंने बेनक्राफ्ट के पास बैठकर सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में जाना था और उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी थी। उनके दावों के मुताबिक, गेंद को रिवर्स स्विंग कराने के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल की योजना पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान बनी थी। ख्वाजा ने यह भी बताया कि टीम में गेंद की स्थिति और रिवर्स स्विंग को लेकर बातचीत होती थी।
पैट कमिंस ने आरोपों को बताया बकवासख्वाजा के दावों के बाद ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि सैंडपेपर को मैदान पर ले जाकर गेंद से छेड़छाड़ की जा रही है। कमिंस ने कहा कि अगर ख्वाजा का मतलब यह है कि पूरी टीम को पता था कि सैंडपेपर मैदान पर ले जाया जा रहा है, तो यह दावा पूरी तरह गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि वह पिछले आठ साल से लगातार यही बात कहते आए हैं।
बॉल टेंपरिंग में शामिल नहीं थे- कमिंसकमिंस ने ख्वाजा के उन दावों को भी गलत बताया, जिनमें उन्हें और दूसरे खिलाड़ियों को इस प्लान का हिस्सा बताया गया था। उनके मुताबिक, ड्रेसिंग रूम में रिवर्स स्विंग हासिल करने के तरीकों पर चर्चा होना सामान्य बात है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सभी खिलाड़ी किसी गैरकानूनी तरीके से गेंद से छेड़छाड़ करने की योजना में शामिल थे। कमिंस ने यह भी नाराजगी जताई कि ख्वाजा ने अपनी किताब में कई लोगों की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाले दावे किए हैं, जबकि कुछ बातों को लेकर साफ तौर पर कुछ नहीं कहा है।
बेनक्राफ्ट ने तोड़ी चुप्पी, पूरी टीम पर लगाए आरोपख्वाजा के खुलासों के बाद इस मामले में सबसे बड़ा बयान कैमरन बेनक्राफ्ट की ओर से आया है। उन्होंने करीब 4,000 शब्दों का एक विस्तृत बयान जारी कर कहा कि पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी। बेनक्राफ्ट ने स्वीकार किया कि 2018 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान उन्होंने पूरी सच्चाई नहीं बताई थी। उन्होंने कई अहम जानकारियां छिपाई थीं, जिनमें सैंडपेपर का इस्तेमाल कब शुरू हुआ, कितने समय तक हुआ और दूसरे खिलाड़ियों की इसमें क्या भूमिका थी, जैसी बातें शामिल थीं।
गेंदबाजों से बात करते थे बेनक्रॉफ्टबेनक्रॉफ्ट ने बताया कि दूसरे टेस्ट के दौरान डेविड वॉर्नर ने गेंद पर सैंडपेपर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था। इसके बाद बेनक्राफ्ट को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। उनका दावा है कि उन्होंने गेंद की स्थिति को लेकर पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और मिचेल मार्श जैसे गेंदबाजों से नियमित बातचीत की थी। बेनक्राफ्ट के मुताबिक, गेंदबाज उनसे पूछते थे कि गेंद रिवर्स स्विंग हो रही है या नहीं और जरूरत पड़ने पर उसे और खुरदरा करने के लिए कहते थे। उन्होंने विकेटकीपर टिम पेन से भी गेंद की मूवमेंट को लेकर फीडबैक लेने की बात कही।
बॉलिंग कोच भी इसमें शामिल थेबेनक्रॉफ्ट ने यह भी आरोप लगाया कि केपटाउन टेस्ट के दौरान गेंदबाजी कोच डेविड सेकर ने उन्हें सैंडपेपर का और इस्तेमाल करने के लिए कहा था। बेनक्राफ्ट का दावा है कि उस समय कोचिंग स्टाफ और कई खिलाड़ी इस घटनाक्रम से परिचित थे। बेनक्राफ्ट ने कहा कि कमिंस की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस उनके लिए आखिरी झटका साबित हुई। कमिंस के बयान से उन्हें गुस्सा आया और उन्होंने खुद को धोखा खाया हुआ तथा अकेला महसूस किया। उनका कहना है कि वह आठ साल तक पूरी टीम का बोझ अपने कंधों पर लेकर चलते रहे।
कमिंस अपने बयान पर कायमबेनक्राफ्ट के नए आरोपों के बाद पैट कमिंस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि, उनके मैनेजर नील मैक्सवेल ने साफ कर दिया कि कमिंस के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। उनकी ओर से कहा गया कि कमिंस आठ साल से लगातार अपनी बात पर कायम हैं। बेनक्राफ्ट के बयान में ऐसा कुछ नहीं है, जिसका जवाब कमिंस अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं दे चुके हैं। कमिंस का पक्ष यही है कि उन्हें गेंद पर सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी और वह इसका हिस्सा नहीं थे। इस तरह ख्वाजा और बेनक्राफ्ट के आरोपों के बावजूद कमिंस अपने पुराने बयान पर अडिग हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अलग स्टेज बनाने की बात कहीइस विवाद के दोबारा सामने आने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ को अपनी बात रखने के लिए एक स्वतंत्र मंच उपलब्ध कराने की घोषणा की है। बेनक्राफ्ट ने इस मंच पर शामिल होने की इच्छा भी जताई है। उनका कहना है कि अब वह इस मामले से जुड़ी बातें छिपाकर नहीं रखना चाहते। हालांकि, अभी तक बेनक्राफ्ट और ख्वाजा के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। कमिंस और दूसरे गेंदबाज इन आरोपों को नकारते रहे हैं। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि आने वाले दिनों में इस मंच पर कौन-कौन अपनी बात रखता है और आठ साल पुराने इस विवाद से जुड़े कितने नए तथ्य सामने आते हैं।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.