नोएडा: लंबे समय से अपनी अधिग्रहीत जमीन के बदले पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट की मांग कर रहे किसानों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नोएडा प्राधिकरण ने शेष पात्र किसानों को प्लॉट आवंटित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।




इसके पहले चरण में करीब 150 किसानों की सूची तैयार की जा रही है। इन किसानों को प्लॉट देने के लिए लगभग 58 हजार वर्गमीटर जमीन चिह्नित की जा रही है।




150 किसानों के लिए जमीन की तलाश जारीनोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि किसानों को पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट देने के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है। करीब 150 पात्र किसानों के लिए भूमि चिह्नित की जा रही है।




उन्होंने कहा कि जमीन चिह्नित होने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसानों को प्लॉट आवंटित करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।




गांव की बाहरी सीमा के प्लॉट भी होंगे आवंटितकिसानों को सुविधा देने के लिए प्राधिकरण ने नई व्यवस्था तैयार की है। ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण की पॉलिसी की तर्ज पर बनाई गई इस योजना को बोर्ड में रखा गया था।




इसके तहत गांव की बाहरी सीमा में पड़ने वाले प्लॉटों का इस्तेमाल भी पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट आवंटन के लिए किया जा सकेगा। इससे किसानों को उनके गांव के नजदीक ही जमीन मिलने की संभावना बढ़ेगी।




2,200 किसानों को मिलने हैं पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉटनोएडा प्राधिकरण के अनुसार, करीब 2,200 किसानों को पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट दिए जाने हैं। इनमें से अब तक लगभग 1,500 किसानों को प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं।




शेष पात्र किसानों को प्लॉट देने की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, इसके सामने सबसे बड़ी चुनौती उपयुक्त जमीन की कमी है। इसी वजह से प्राधिकरण अलग-अलग स्थानों पर जमीन चिह्नित कर रहा है।




लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे हैं किसानपांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट की मांग को लेकर किसान लंबे समय से प्रदर्शन और धरना दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के बदले मिलने वाला आबादी का प्लॉट उनका वैध अधिकार है।




अब नोएडा प्राधिकरण की ओर से जमीन चिह्नित करने और प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया तेज किए जाने से बाकी पात्र किसानों को भी जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.