एंथ्रोपिक ने इस आईपीओ के जरिए कंपनी ने करीब 81 अरब डॉलर जुटाए हैं, जो एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के 75 अरब डॉलर के रिकॉर्ड से भी ज्यादा है। इस लिस्टिंग के साथ ही एंथ्रोपिक दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शामिल हो गई है, जिसका वैल्यूएशन 1.9 लाख करोड़ डॉलर हो गया है। वहीं एंथ्रोपिक और भारत की कंपनियों की वैल्यूएशन को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। कोटक महिंद्रा बैंक के फाउंडर उदय कोटक ने सवाल उठाया है कि क्या भारतीय कंपनियों की वैल्यूएशन कम है या उन्हें बदलते कारोबारी माहौल के साथ अपनी रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है? एंथ्रोपिक के इस आईपीओ से कंपनी के हजारों मौजूदा और पूर्व कर्मचारी रातोंरात करोड़पति बन गए हैं। प्राइवेट मार्केट रिसर्च फर्म सैकरा (Sacra) के अनुमान के मुताबिक, कंपनी के करीब 2800 से 4250 कर्मचारियों के पास कम से कम 10 लाख डॉलर (करीब 9.3 करोड़ रुपये) से ज्यादा के शेयर होंगे। वहीं, एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक करीब 598 ऐसे कर्मचारी हैं, जिनके पास 100 मिलियन डॉलर (करीब 930 करोड़ रुपये) से ज्यादा के शेयर हैं। इस आईपीओ में उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा हो रहा है, जिन्होंने 2021 से 2023 के बीच कंपनी में शुरुआती दौर में जूनियर या एडमिनिस्ट्रेटिव पदों पर नौकरी शुरू की थी। उस समय उन्हें महज 52 सेंट (करीब 49 रुपये) प्रति शेयर के भाव पर कंपनी के स्टॉक ऑप्शन मिले थे, जबकि अब आईपीओ का भाव 70 से 78 डॉलर (करीब 6,000 से 6,500 रुपये) के बीच है। यानी शुरुआती दौर के जूनियर कर्मचारी, हाल ही में भर्ती हुए बड़े अधिकारियों से भी ज्यादा अमीर बन रहे हैं। एंथ्रोपिक और ओपनएआई (OpenAI) जैसी एआई कंपनियों के कर्मचारियों के पास आ रहे इस बेहिसाब पैसे ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को बे एरिया के लग्जरी बाजार में भूचाल ला दिया है। रियल एस्टेट ब्रोकरों के मुताबिक 25 से 35 साल के युवा एआई कर्मचारी 20 मिलियन डॉलर (करीब 186 करोड़ रुपये) तक के बजट में अपना पहला घर खरीद रहे हैं। अक्टूबर में सैन फ्रांसिस्को में 50 लाख डॉलर से ऊपर के 40 लग्जरी घर बिके, जो एक रिकॉर्ड है। ऑफिस आने-जाने और डिनर के लिए टेक कर्मचारी 3.5 लाख से 8 लाख डॉलर कीमत वाली लग्जरी बोट्स खरीद रहे हैं। पालो ऑल्टो के शोरूम में 4.26 लाख डॉलर की मैकलारेन सुपरकार और 80 हजार से 1.35 लाख डॉलर तक की हाथ से बनी मैकेनिकल घड़ियों की मांग तेजी से बढ़ी है। भारतीय निवेशक एंथ्रोपिक के शेयर को तीन तरीके से खरीद सकते हैं। पहला है LRS रूट के जरिए। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के तहत कोई भी भारतीय नागरिक एक वित्त वर्ष में 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.33 करोड़ रुपये) तक विदेशी शेयर बाजार में निवेश कर सकता है। इसके लिए KYC और टैक्स दस्तावेज पूरे करने होंगे। दूसरा तरीका है ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म का। जेरोधा, ग्रो, एचडीएफसी सिक्योरिटीज या अन्य अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरेज ऐप्स के जरिए अमेरिकी शेयर बाजार में खाता खोलकर एंथ्रोपिक के शेयर खरीदे जा सकते हैं। इसके अलावा गुजरात की GIFT सिटी के निवेश प्लेटफॉर्म भी एक विकल्प हैं।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.