किसी का अच्छा दिखना पहली मुलाकात में आपको पसंद आ सकता है, लेकिन शादी के लिए सिर्फ यही बात काफी नहीं है। जरा सोचिए, अगर आपका पार्टनर दिखने में बहुत अच्छा है, लेकिन आपकी बात नहीं समझता, आपको समय नहीं देता या हर छोटी बात पर गुस्सा करता है तो क्या आप उसके साथ खुश रह पाएंगे। शायद नहीं। इसलिए पार्टनर चुनते समय ये जरूर देखें कि उसका व्यवहार कैसा है। वो दूसरों से किस तरह बात करता है और आपकी भावनाओं को कितनी अहमियत देता है। क्योंकि जिंदगी सिर्फ अच्छे चेहरे के साथ नहीं, बल्कि अच्छे इंसान के साथ बितानी होती है। प्यार में सिर्फ आई लव यू कहना काफी नहीं होता। पार्टनर को ये महसूस होना भी जरूरी है कि उसकी बातों और पसंद की कद्र की जाती है। अगर कोई हर बार अपनी मर्जी चलाना चाहता है या दूसरे की बात को नजरअंदाज करता है तो रिश्ते में धीरे-धीरे दूरियां आने लगती हैं। अच्छी शादी में दोनों की राय मायने रखती है। जरूरी नहीं कि हर बात पर दोनों की सोच एक जैसी हो, लेकिन अलग राय होने पर भी एक-दूसरे से अच्छे तरीके से बात करना आना चाहिए। जहां दोनों एक-दूसरे को बराबर समझते हैं, वहां प्यार और भरोसा बना रहता है।