शुभम केवलिया
आज भारत दुनिया के कई देशों के साथ व्यापार करता है। इसका मुख्य मार्ग समुद्र है। करीब 95% व्यापार समुद्री रास्ते से होता है। भारतीय व्यापारी आज से करीब 4,500 बरस पहले भी इसी रास्ते से इराक, ईरान, बहरीन और खाड़ी देशों तक पहुंच बना चुके थे।
गुजरात था केंद्रभारत का समुद्री व्यापार मुख्य रूप से गुजरात के रास्ते होता था। गुजरात के लोथल में तब एक विशाल गोदीबाड़ा बनाया गया था। यहां से मिले पत्थर के लंगर बताते हैं कि माल लादने और उतारने के लिए जहाज खड़े होते थे। इस गोदी से जहाज अरब सागर में प्रवेश करते हुए फारस की खाड़ी तक पहुंचते। कुंतासी, पादरी, नागेश्वर, बगसरा, नगवाड़ा और देसलपुर जैसे अन्य स्थलों से भी समुद्री व्यापार किया जाता था। इन स्थानों से भारतीय व्यापारी दूसरे देशों के साथ कारोबारी संपर्क बरकरार रखते थे।
जहाज बनाने में महारतगुजरात में रहने वाले लोगों को नाव और जहाज बनाने में महारत हासिल थी। वे लकड़ी और सरकंडों का इस्तेमाल करके बड़े जहाज बनाते। इन जहाजों को समुद्र में चलाने के लिए पालतू पक्षियों और तारों की मदद ली जाती थी। इससे उन्हें समुद्र में रास्ता पहचानने और अपनी दिशा तय करने में मदद मिलती थी।
भारतीय सामान की मांगउस समय की मेसोपोटामिया सभ्यता के कई शहरों में भारत में बने सामानों की बिक्री की जाती थी। मेसोपोटामिया के उम्मा शहर से सूती कपड़े का एक कट्ठा मिला है, जिस पर सरस्वती सभ्यता के व्यापारियों की मुहर लगी हुई है। इसी सभ्यता के एक अन्य शहर से भारत में बना हाथी दांत का कंघा भी मिला है। ये वस्तुएं बताती हैं कि वहां भारतीय सामान की मांग थी। व्यापार का दायरा इतना बड़ा था कि भारतीय व्यापारी वहां अस्थायी रूप से रहने भी लगे थे। मेसोपोटामिया के कई शहरों में उनकी बस्तियां मौजूद थीं।
दोतरफा कारोबारयह व्यापार केवल एकतरफा नहीं था। मेसोपोटामिया और दूसरे देशों से भी सामान भारत लाया जाता। भारत में आर्सेनिक रहित तांबा नहीं मिलता था, इसलिए मेसोपोटामिया के सूसा और एन्कोमी जैसे शहरों से यह तांबा भारत पहुंचता था।
ऋग्वेद में विवरणउसी काल में रचे गए ऋग्वेद में भी जहाजों और समुद्री यात्राओं का उल्लेख है। इसमें भुज्यु नाम के एक व्यक्ति का जिक्र है, जिसकी नाव बीच समुद्र में फंस गई थी। आश्चर्य की बात है कि भुज, जो उस समय समुद्री व्यापार का एक बड़ा केंद्र था, इसका नाम भी भुज्यु से मिलता-जुलता है। संभव है कि भुज्यु भुज का ही निवासी रहा हो। ऋग्वेद का यह प्रसंग गुजरात से होने वाले प्राचीन समुद्री व्यापार और वहां के लोगों की समुद्री यात्राओं की ओर संकेत करता है।
(लेखक शहीद भगत सिंह महाविद्यालय के इतिहास विभाग में असिस्टेंट प्रफेसर हैं)
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.