मनीष सिंह, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। वर्ष 2004 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. बलकार सिंह इससे पहले यूपीसीडा के सीईओ के पद पर तैनात थे।




कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ पहली बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की और किसानों की समस्याओं, भूमि अधिग्रहण, विकास कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और शहर की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।




किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर हो समाधानसीईओ डॉ. बलकार सिंह ने स्पष्ट कहा कि किसानों की आपसी सहमति और उनकी जायज मांगों को पूरा करते हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। किसानों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।




उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राधिकरण कार्यालय आने वाले प्रत्येक किसान और आवंटी की शिकायतों को सम्मानपूर्वक सुना जाए। किसी को भी कार्यालय में असुविधा महसूस नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।




विकास कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगा जोर, प्रतिष्ठित एजेंसी से भी होगी जांचविकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना विभाग की टीम को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और किसी प्रतिष्ठित एजेंसी के माध्यम से भी गुणवत्ता की जांच कराने को कहा।




शहर में प्रदूषण की रोकथाम के लिए सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याओं को चिह्नित करने, उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।




भूजल के बजाय ट्रीटेड वाटर का इस्तेमाल करने पर जोरसीईओ ने एसटीपी से शोधित पानी के पुनः उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिंचाई और निर्माण कार्यों में भूजल के बजाय ट्रीटेड वाटर का इस्तेमाल किया जाए।




इसके अलावा आवासीय सेक्टरों में खाली पड़े भूखंडों के आवंटियों को चिह्नित कर उन्हें निर्माण के लिए प्रेरित करने के निर्देश नियोजन विभाग को दिए।




निवेश बढ़ाने के लिए विकसित होगा सिंगल विंडो सिस्टमडॉ. बलकार सिंह ने ग्रेटर नोएडा में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के निर्देश भी दिए।




बैठक में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी अभिषेक पाठक, गुंजा सिंह, लवगीत कौर, गिरीश कुमार झा, मुकेश कुमार सिंह और महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह समेत प्राधिकरण के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




इससे पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों और ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना ने पुष्पगुच्छ देकर नवनियुक्त सीईओ का स्वागत किया।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.