पटना: बिहार की पहचान बन चुके मखाना के उत्पादन और उससे बने स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों के विस्तार पर राज्य सरकार विशेष जोर दे रही है। इसी कड़ी में जल्द ही बाजार में मखाना का आटा उपलब्ध होने जा रहा है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही, छोटे बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए मखाना से निर्मित 'शिशु आहार' तैयार करने का काम भी अंतिम चरण में है। इस माह के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह तक मखाना के लगभग 50 प्रकार के उत्पाद बाजार में उतारने की योजना है, जिससे किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ मिलेगा।






मखाना का आटा और सेवई तैयारफिलहाल, भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के अधीन कार्यरत बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ लिमिटेड (COFFED) द्वारा तैयार किए जा रहे हैं। प्रदेश में मखाना की खेती और उत्पाद निर्माण के लिए 880 सोसाइटी काम कर रही हैं, जिनमें दरभंगा और पटना में सबसे अधिक काम हो रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मखाना का आटा और सेवई तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है, जो इस माह के अंत तक बाजार में आ जाएगा। खास बात ये है कि यहां बने मखाना उत्पादों को हाल ही में चीन भी निर्यात किया गया है।






ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध उत्पादसेहत के लिए काफी फायदेमंद होने के कारण मखाना उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। बाजार में मखाना के लड्डू की बिक्री सबसे अधिक है और इसके 9 प्रकार के फ्लेवर उपलब्ध हैं। उपभोक्ता इन उत्पादों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से खरीद सकते हैं। सरकार के प्रयास से पटना स्थित खादी मॉल सहित बाजार में जगह-जगह इनकी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक ये पौष्टिक उत्पाद पहुंच सकें।






पहले से मौजूद मखाना के 19 प्रोडक्टCOFFED ने मखाना से 19 तरह के उत्पाद तैयार किए हैं, जिन्हें बिहार के अलावा देश-विदेश में भेजा जा रहा है।





  • स्नैक्स और फ्लेवर: पेरी-पेरी, पंजाबी तड़का, शेजवान, तंजी टोमैटो, पुदीना, बारबीक्यू, अचारी मसाला, हिमालयन साल्ट और क्रीम-आलू मखाना।

  • अन्य खाद्य उत्पाद: रॉ मखाना, मखाना कुकीज, शुगर-फ्री कुकीज, मखाना खीर, लड्डू, चिप्स, पास्ता, मैकरोनी और मखाना सेवई।




घर-घर तक मखाना उत्पाद पहुंचाने का लक्ष्यपरियोजना की जानकारी देते हुए बिहार COFFED की निदेशक सिमरन ने बताया कि लोगों की सेहत का ख्याल रखते हुए सरकार से संबद्ध सोसाइटी बाजार में लाने पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस माह के अंत या दिसंबर की शुरुआत में मखाना का आटा बाजार में उपलब्ध हो जाएगा और सोसाइटी के साथ अन्य संस्थाओं के माध्यम से इसे लोगों के घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.