सुनील मिश्रा, संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में 19 नवंबर की प्रस्तावित हरिहर मंदिर पदयात्रा से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। धार्मिक विवाद से जुड़े इस आयोजन को लेकर अलग-अलग पक्षों की प्रतिक्रियाओं के बीच बुधवार को पुलिस की सक्रियता सड़कों पर दिखाई दी।




एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने एएसपी सुमित सुधाकर रामटेके और सीओ कुलदीप सिंह के साथ भारी पुलिस बल लेकर हरिहर मंदिर से शाही जामा मस्जिद तक फ्लैग मार्च किया। संवेदनशील रास्तों से गुजरे पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।




जियाउर्रहमान बर्क जताया विरोधदरअसल, श्रीहरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद विवाद से जुड़े याचिकाकर्ता एवं मां कैलादेवी मंदिर के महंत ऋषिराज गिरी महाराज की ओर से 19 नवंबर को पदयात्रा निकालने का एलान किया गया है। इस घोषणा के बाद सियासी प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क आयोजन का विरोध करते हुए आयोजकों के खिलाफ मुकदमा, गिरफ्तारी और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। उनका तर्क है कि संवेदनशील धार्मिक विवाद से जुड़े आयोजन का असर क्षेत्र के माहौल पर पड़ सकता है।




तमन्ना मलिक भी पदयात्रा में शामिल होंगीइसी बीच सोशल मीडिया पोस्ट और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने वाली तमन्ना मलिक ने भी पदयात्रा में शामिल होने की मंशा जताई है। असमोली क्षेत्र के बदनपुर बसई गांव की निवासी तमन्ना ने फेसबुक पोस्ट में बुर्का पहनकर पहुंचने की बात कही है। उनके पति अमन त्यागी की ओर से भी पदयात्रा में शामिल होने और लोगों से पहुंचने की अपील किए जाने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, दोनों की वास्तविक भागीदारी की पुष्टि आयोजन के दिन ही हो सकेगी।




पुलिस ने कहा- कोई अनुमति नहीं दी गईएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने साफ किया कि पदयात्रा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं और माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने व संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। पुलिस के सामने 24 नवंबर की कार्तिक पूर्णिमा भी बड़ी जिम्मेदारी है। सिसौना घाट, राजघाट और जुनावई में गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।




एसपी के मुताबिक, यातायात डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं और भीड़ के अनुसार डायनेमिक डायवर्जन किया जा रहा है। फिलहाल संभल में पुलिस की निगाहें दो आयोजनों पर हैं। 19 नवंबर की प्रस्तावित पदयात्रा और 24 नवंबर का गंगा स्नान है। संवेदनशील इलाकों से लेकर गंगा घाटों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारियां जारी हैं।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.