पीडियाट्रिशियन डॉक्टर इमरान पटेल ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह एक नवजात बच्ची की हालत दिखाते हुए कहते हैं कि अगर आप चाहते हैं कि आपका नवजात शिशु आईसीयू में न जाए या उसकी हालत क्रिटिकल न हो, तो यह वीडियो जरूर देखें। डॉक्टर बताते हैं कि 40 दिन की बच्ची रो रही है, लेकिन उसकी आंखों से आंसू नहीं आ रहे हैं। उसकी त्वचा की हालत देखिए, वजन नहीं बढ़ रहा है, उल्टियां हो रही हैं और दिन में 20 से 25 बार लूज मोशन हो रहे हैं। बच्‍ची को बुखार भी आ रहा है। इसकी वजह यह है कि मां का दूध नहीं आ रहा था, इसलिए बच्ची को थैली का दूध दिया गया। यह दूध तो दिया ही गया, लेकिन उसके साथ-साथ किसी के कहने पर इलायची भी डाली गई और लाल व सफेद पानी भी पिलाया जा रहा था। ऐसा यह कहकर किया जा रहा था कि बच्ची का डाइजेशन अच्छा हो जाएगा। मैं हमेशा कहता हूं कि पहले छह महीने तक सिर्फ और सिर्फ बच्चे को मां का दूध ही पिलाएं। मां का दूध बच्चे की ग्रोथ, किडनी, लिवर और उसके दूसरे अंगों के लिए सबसे अच्छा है। अगर मां का दूध न हो, तो फॉर्मूला फीड देना चाहिए। उसमें भी हाइजीन का पूरा ध्यान रखना जरूरी है।​