नई दिल्ली: ब्लिंकिट की एंबुलेंस सेवा अब बेंगलुरु वासियों को भी मिलेगी। इटर्नल के सीईओ अलबिंदर सिंह ढींढसा ने खुद इसकी घोषणा की है। इसकी एंबुलेंस सेवा दिल्ली एनसीआर वालों को पहले से ही मिल रही है। यहां यह सेवा इतनी हिट रही है कि इसकी कुछ वेरिएंट पर कुछ शुल्क भी लगाना पड़ा है। लोग इसके एंबुलेंस सेवा की खूब तारीफ भी करते हैं।
क्या बताया अलबिंदर ने
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit का संचालन करने वाली कंपनी है इटर्नल। इसके सीईओ अलबिंदर सिंह ढींढसा ने दोहपर 12.10 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें बताया गया है कि ब्लिंकिट की एंबुलेंस सेवा अब बेंगलुरु में लाइव हो गई है। हालांकि वहां फिलहाल यह सेवा संपूर्ण महानगर में नहीं मिलेगी। ढ़ीढ़सा ने कहा है कि शुरुआत में शहर के डोमलर, इंदिरानगर, बीटीएम लेआउट और बोमनहल्ली के इलाके में इसकी सेवा मिलेगी।
एंबुलेंस ट्रेनिंग एकेडमी भी
उन्होंने बताया है कि कंपनी की दूसरी एंबुलेंस ट्रेनिंग एकेडमी बेंगलुरु के होरामावु इलाके में ऑपरेशनल हो गई है। इससे पहले कंपनी ने गुरुग्राम या गुड़गांव में पहली एंबुलेंस ट्रेनिंग एकेडमी शुरू की है। ढ़ीढ़सा का कहना है कि जल्दी ही कुछ और एंबुलेंस ट्रेनिंग एकेडमी आने वाली है।
कुछ हायरिंग भी
अलबिंदर सिंह ने कहा है कि वह बेंगलुरु के लिए पारामेडिक्स, एंबुलेंस चलाने वाले पायलट्स और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट या जीडीए की भर्ती भी कर रहे हैं। जिन्हें इस पद पर नौकरी करनी होग वह अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने ट्वीट में फॉर्म का लिंक भी दिया है।
ब्लिंकिंट एंबुलेंस सेवा हिट
दिल्ली एनसीआर में ब्लिंकिट की एंबुलेंस सेवा हिट रही है। हालांकि, कुछ लोग इसका दुरुपयोग भी कर रहे हैं। तभी तो दिवाली से पहले यानी 5 नवंबर को कंपनी ने घोषणा की कि अब ब्लिंकिट की सभी एंबुलेंस सेवाएं फ्री नहीं होंगी। कंपनी का कहना है कि दिल्ली एनसीआर में लोग इस सेवा का उपयोग कम दुरुपयोग ज्यादा करते हैं। यहां लोग इसकी सेवाओं की खूब तारीफ करते हैं।
यह सेवा फ्री मिलेगी
ब्लिंकिट के फाउंडर दीपेंदर गोयल ने गुरुवार, 5 नवंबर को ने ट्वीट किया था "मैंने ब्लिंकिट एंबुलेंस सेवा की शुरुआत सेवा भाव से की थी। बीते दो साल के दौरान इस सेवा का लाभ करीब 42,000 केसेज में उठाया गया। उनमें से महज 20,000 केसेज ही इमरजेंसी थे। बांकी रूटीन चेक-अप, हॉस्पिटल विजिट, अस्पताल से घर लौटने वाले मरीज थे। ऐसे मरीज आराम से उबर या किसी अन्य प्राइवेट ट्रांसपोर्ट का लाभ ले सकते थे। उनके लिए फुल्ली इक्विप्ड एंबुलेंस की कोई आवश्यकता नहीं थी। इसलिए अब सिर्फ इमरजेंसी ट्रांसफर ही फ्री होगी। नॉन-इमरजेंसी ट्रांसफर के लिए ढाई हजार रुपये चार्ज किए जाएंगे।"
कब शुरू हुई इसकी एंबुलेंस सेवा?
ब्लिंकिट की एंबुलेंस सेवा देश दिल्ली एनसीआर में करीब दो साल पहले शुरू हुआ थी। यहां इस सेवा को खूब तारीफ हो रही है। लोग इस एंबुलेंस की तुलना सरकारी एंबुलेंस से करते हैं। कुछ लोग तो इसे सरकारी एंबुलेंस से भी बेहतर बताते हैं। उनका कहना है कि ब्लिंकिट के एंबुलेंस पर तैनात पारामेडिकल स्टाफ का व्यवहार बहुत अच्छा है। जबकि सरकारी एंबुलेंस के स्टाफ का व्यवहार रूखा है।