सरकारी टेंडर हासिल करना छोटे कारोबारियों के लिए आसान नहीं होता। पहले अलग-अलग सरकारी वेबसाइट खंगालिए, फिर सैकड़ों पन्नों की शर्तें पढ़िए और उसके बाद आवेदन के लिए दस्तावेज जुटाइए। इस काम में घंटों लग जाते हैं। इतने के बाद भी किसी शर्त पर ध्यान नहीं गया तो टेंडर रद्द होने का भी खतरा रहता है। लेकिन अब AI की मदद से यह काम कुछ मिनटों में हो सकता है। जेल्मियर (Zelmier) कंपनी का दावा है कि टेंडर खोजने से बोली लगाने की तैयारी तक की प्रक्रिया सिर्फ 6 मिनट से भी कम समय में पूरी कर सकते हैं। यह AI प्लैटफॉर्म कैसे काम करता है, कारोबारियों के लिए कितने फायदे का है, फ्री में कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं, ऐसे ही अहम मुद्दों पर कंपनी के फाउंडर प्रांजल श्रीवास्तव के साथ प्रदीप तिवारी की बातचीत:
जेल्मियर कारोबारियों की कौन सी परेशानी दूर करेगा?सरकारी टेंडर अलग-अलग पोर्टल पर होते हैं। कारोबारी को उन्हें खोजना और शर्तें पढ़कर समझना पड़ता है कि वह आवेदन कर सकता है या नहीं। हम टेंडर की जानकारी एक जगह लाते हैं। AI कारोबार की प्रोफाइल के आधार पर मेल खाने वाले टेंडर ढूंढता है और उसकी शर्तें समझने में मदद करता है। इससे कारोबारी तय कर सकते हैं कि किस टेंडर में हिस्सा लेना उनके लिए सही रहेगा।
इसे बनाने का खयाल कैसे आया?मैं एक कंपनी के लिए टेंडर में आवेदन करता था। मेरे संपर्क में जो दूसरे कारोबारी थे, वे भी यही करते थे। इसमें बहुत समय लगता था और कई दस्तावेज जुटाने पड़ते थे। इसी अनुभव से लगा कि टेंडर खोजना, उसकी जरूरतें समझना और आवेदन की तैयारी आसान होनी चाहिए। बस वहीं से जेल्मियर बनाने का खयाल आया।
पहली बार इस्तेमाल करने वाले को क्या करना होगा?कारोबारी अपनी कंपनी की वेबसाइट या कामकाज वाले पोर्टफोलियो की जानकारी देकर लॉग-इन कर सकता है। इससे उसका बिजनेस प्रोफाइल तैयार होता है। फिर AI उस प्रोफाइल से जुड़े टेंडर सामने लाता है। इसके बाद किसी भी टेंडर को चुनने पर आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों की सूची मिल जाती है। कारोबारी अपने दस्तावेज अपलोड करके आवेदन की फॉर्मेलिटी पूरी कर सकता है।
6 मिनट में बोली जमा हो जाएगी या उसकी तैयारी होगी?हमारा दावा सही टेंडर खोजने से लेकर बोली जमा करने की तैयारी तक का है। जेल्मियर प्लैटफॉर्म शर्तों को समझने और जरूरी कागजों को व्यवस्थित करने में मदद करता है। पहले इन कामों में 2-3 घंटे लग जाते थे। कोशिश है कि कारोबारी का समय कागजों में उलझने के बजाय सही अवसर चुनने में लगे।
क्या इसे इस्तेमाल करने के लिए पैसे देने होंगे?मुफ्त इस्तेमाल की सुविधा भी है। कारोबारी अपने बिजनेस से मेल खाने वाले टेंडर देख सकते हैं। कुछ अतिरिक्त सुविधाएं पैसे वाले प्लान में मिलती हैं। हालांकि बेसिक सेवाओं के लिए किसी तरह की फीस देने की जरूरत नहीं पड़ती है।
प्राइवेट टेंडर में भी मदद मिलेगी?कहीं और से मिला प्राइवेट टेंडर अपलोड करके उसकी शर्तें समझने और बोली की तैयारी में मदद ले सकते हैं। लेकिन यह खरीदारों के लिए टेंडर जारी करने का मंच नहीं है। मसलन, आपको सौ लैपटॉप खरीदने हैं तो यहां अपनी जरूरत डालकर सप्लायर नहीं बुला सकते। यह प्लैटफॉर्म सरकारी टेंडर में हिस्सा लेने वाले कारोबारियों के लिए है।
सरकारी टेंडर में पहली बार हिस्सा लेने वालों से क्या कहेंगे?कई कारोबारी पहले ही मान लेते हैं कि उन्हें सरकारी काम नहीं मिलेगा। लेकिन हर किसी ने कभी न कभी जीरो से शुरुआत की थी। हर आवेदन में काम मिलना जरूरी भी नहीं होता है। सिर्फ इसी डर से हिस्सा न लेना ठीक नहीं है। शुरुआत करेंगे, तभी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। जीरो से शुरुआत करने वालों के लिए भी यह प्लैटफॉर्म काफी मददगार हो सकता है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.