दिनेश गहलोत, अजमेर: रेतीले धोरों पर गूंजती नगाड़ों की थाप, मारवाड़ी गीतों पर थिरकते विदेशी मेहमान और शाम ढलते ही हजारों दीपों की रोशनी में नहाए पुष्कर सरोवर के 52 घाट। विश्वप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का आगाज मंगलवार 17 नवंबर को कुछ इसी शाही और रंगारंग अंदाज में हुआ। कार्तिक मास की गोपाष्टमी से शुरू हुए इस 8 दिवसीय महाकुंभ के पहले दिन ही आस्था, लोक संस्कृति और खेल के अनूठे रंग देखने को मिले। 24 नवंबर तक चलने वाले इस मेले की शुरुआत से लेकर शाम की महाआरती तक के खास पलों को देखिए इन चुनिंदा तस्वीरों में।
पुष्कर के मेला मैदान में सुबह 10 बजे विधिवत पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले 2026 की शुरुआत हुई। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया, अजमेर जिला कलेक्टर लोक बंधु और एसपी हर्षवर्धन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मेले के उद्घाटन के साथ ही राजस्थान के सुप्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। नगाड़े की थाप के बीच विदेशी पर्यटक साल्वे ने पारंपरिक अंदाज में मारवाड़ी गीत गाकर सभी का दिल जीत लिया। इस अनूठे संगम को देखने और कैमरे में कैद करने के लिए सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
नगाड़ा वादन के बाद मेला मैदान में राजस्थान पुलिस के घुड़सवारों ने शानदार 'हॉर्स शो' का प्रदर्शन किया। घोड़ों के हैरतअंगेज करतब और अनुशासन को देखकर मैदान में मौजूद देशी और विदेशी पर्यटक रोमांचित हो उठे और जमकर तालियां बजाईं।
खेल और रोमांच के तड़के के बीच मेला मैदान में स्थानीय युवाओं और विदेशी पर्यटकों के बीच 'चक दे राजस्थान' फुटबॉल मुकाबला खेला गया। बेहद रोचक रहे इस मैच में विदेशी मेहमानों की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए स्थानीय टीम को 5-1 के बड़े अंतर से हराया। जीत के बाद विदेशी खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया।
रोमांचक फुटबॉल मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली विदेशी पर्यटकों की टीम को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कृत किया गया। पुष्कर नगर परिषद के सभापति राजेंद्र बाकोलिया ने विजेता टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया।
मेले के पहले दिन मेला मैदान की दीवारों पर पारंपरिक 'मांडणा बनाओ प्रतियोगिता' का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय महिलाओं और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला से दीवारों पर खूबसूरत राजस्थानी आकृतियां उकेरीं। बेहतरीन मांडणा बनाने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
पहले दिन के समापन पर शाम को गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर भव्य दीपदान, रंगोली और महाआरती का आयोजन हुआ। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा सरोवर जगमगा उठा। जिला कलेक्टर लोक बंधु, एसपी हर्षवर्धन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विदेशी सैलानियों ने दीपदान किया। अब कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन घाटों पर इसी तरह महाआरती और दीपदान होगा।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.