मुजफ्फरपुर: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हुई तो पति के दरवाजे पर ही मायके वालों ने अंतिम संस्कार कर डाला। मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही पंचायत स्थित मोहम्मदपुर पताही गांव में विवाहिता विभा ठाकुर (39) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके वाले शव लेकर उसके ससुराल पहुंचे। इसके बाद पति चंदन ठाकुर के दरवाजे पर ही ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।






खाने में जहर देकर हत्या करने का शकमायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर खाने में जहर देकर हत्या करने की आशंका जताई है। इस संबंध में मृतका के पिता बच्चू चौधरी ने सदर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, बच्चू चौधरी गुजरात के अहमदाबाद स्थित ओधव थाना क्षेत्र के समर नगर के रहने वाले हैं। उनकी पुत्री विभा की शादी 27 नवंबर 2014 को मोहम्मदपुर पताही निवासी चंदन ठाकुर से हुई थी। दोनों की एक बेटी है, जो फिलहाल नाना के साथ अहमदाबाद में रह रही है।




पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। इसको लेकर मुजफ्फरपुर और अहमदाबाद के फैमिली कोर्ट में मामला चल रहा हैं। तलाक का मामला भी न्यायालय में चल रहा है, जिस पर 12 दिसंबर को फैसला आने की बात कही गई है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग विभा को लगातार प्रताड़ित करते थे। उसे घर से भी निकाल दिया गया था।






पति के दरवाजे पर कर सजा दी चिताबाद में जिला प्रशासन और परिवार न्यायालय के आदेश पर वो दोबारा ससुराल में रहने लगी थी। इसके बावजूद उसे धमकी दी जाती थी। विभा ने कई बार फोन पर इसकी जानकारी अपने पिता और मायके वालों को दी थी। मायके पक्ष के अनुसार, छठ पूजा की संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले 15 नवंबर को विभा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसके मौसेरे भाई राहुल ने उसे प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया।




आकाश चौधरी का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सकों ने लीवर और किडनी के गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी थी। इससे परिजनों को खाने में जहर दिए जाने की आशंका हुई। इलाज के दौरान 16 नवंबर को विभा की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और शव लेकर मोहम्मदपुर पताही स्थित ससुराल पहुंचे। इसके बाद पति के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार किया गया।






महिला के ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोपइस दौरान मृतका के भाई आकाश चौधरी ने कहा कि जब जीते जी बहन को ससुराल में साथ नहीं रखा गया तो कम से कम मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार पति के दरवाजे पर कर दिया, ताकि अब वह हमेशा यहीं रहे। मृतका के पिता ने पति चंदन ठाकुर, ससुर मुरारी प्रसाद ठाकुर, सास मंजू देवी, ननद समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है।




उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।




रिपोर्ट- संदीप कुमार

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.