Fake Websites: आज के डिजिटल जमाने में ऑनलाइन शॉपिंग करने से लेकर बैंक के काम निपटाने तक हर काम के लिए वेबसाइट्स मौजूद हैं. वेबसाइट्स को इस्तेमाल जितना आसान होता है उससे लोगों के साथ स्कैम होने के खतरे भी उतनी ही आसानी से बढ़ते जा रहे हैं. साइबर ठग आजकल नामी कंपनियों, बैंकों और सरकारी पोर्टल्स की नकल करके फर्जी वेबसाइट्स बना रहे हैं. 


ये वेबसाइट्स दिखने में इतनी असली लगती हैं कि अच्छे-अच्छे पढ़े-लिखे लोग भी धोखा खा जाते हैं. जैसे ही आप इन नकली साइट्स पर अपना पासवर्ड, कार्ड नंबर या ओटीपी डालते हैं, आपका बैंक खाता मिनटों में खाली हो सकता है. चलिए आपको बताते हैं कि किन दो छोटे निशानों को देखकर आप असली और नकली वेबसाइट का फर्क पकड़ सकते हैं.


HTTPS और लाॅक का आइकन चेक करें


जब भी आप किसी वेबसाइट को खोलते हैं तो सबसे ऊपर एड्रेस बार में उसका लिंक यानी URL दिखाई देता है. किसी भी असली और सेफ वेबसाइट की सबसे पहली पहचान उसके लिंक की शुरुआत में लिखा HTTPS होता है. यहां S का मतलब सिक्योर यानी सुरक्षित होता है. इसका मतलब है कि आपके फोन या कंप्यूटर से वेबसाइट तक जाने वाला डेटा पूरी तरह एन्क्रिप्टेड है और बीच में कोई हैकर उसे चुरा नहीं सकता. 


वहीं अगर किसी वेबसाइट के लिंक में सिर्फ HTTP लिखा है और उसमें S गायब है तो समझ जाइए कि वह साइट सेफ नहीं है. कई ब्राउजर में HTTPS के ठीक बगल में एक छोटा सा ताला या सेटिंग्स जैसा आइकन भी दिखता है, जिस पर क्लिक करके आप साइट के सिक्योरिटी सर्टिफिकेट की जांच कर सकते हैं. अगर एड्रेस बार में Not Secure लिखा नजर आए या लाल रंग की चेतावनी दिखे तो उस वेबसाइट पर भूलकर भी अपनी निजी जानकारी या बैंक डिटेल्स न डालें.




डोमेन नेम की स्पेलिंग और एक्सटेंशन पर दें ध्यान


साइबर ठग अक्सर लोगों की जल्दबाजी का फायदा उठाने के लिए टाइपोस्क्वाटिंग नाम की तरकीब अपनाते हैं. इसमें वे किसी असली और मशहूर वेबसाइट के नाम की स्पेलिंग में बेहद मामूली सा बदलाव कर देते हैं जिसे पहली नजर में पकड़ पाना मुश्किल होता है. उदाहरण के लिए असली वेबसाइट amazon.in की जगह वे arnazon.in या amaz0n.in जैसा लिंक बना देते हैं जिसमें m की जगह rn या o की जगह जीरो लगा होता है. 


इसी तरह वेबसाइट के आखिरी हिस्से यानी एक्सटेंशन को देखना भी बहुत जरूरी है. भारत में असली सरकारी वेबसाइट्स के आखिर में हमेशा .gov.in या .nic.in लगा होता है जबकि बैंकों की वेबसाइट्स के लिए .bank.in या उनके आधिकारिक डोमेन का इस्तेमाल होता है. अगर कोई वेबसाइट सरकारी योजना या बैंक के नाम पर .com, .xyz या.online' जैसे अजीब एक्सटेंशन के साथ खुल रही है तो तुरंत सतर्क हो जाएं क्योंकि वह फर्जी हो सकती है.




Aadhaar Biometrics Lock: अपने आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल कैसे रोकें? घर बैठे मिनटों में करें लॉक


इन बातों पर दें ध्यान


अक्सर व्हाट्सएप, SMS या ईमेल के जरिए कई तरह के जानकारी, ऑफर्स या आपके खाते से जुड़े मैसेज आते हैं जिनमें एक लिंक दिया होता है. अगर यह मैसेज आधिकारिक नंबर्स से न होकर किसी अनजान नंबर से आएं हैं और शॉर्ट किए गए लिंक के साथ हैं तो बिल्कुल क्लिक न करें ये फिशिंग वेबसाइट पर ले जाते हैं. 


किसी भी बैंक या सरकारी सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए हमेशा गूगल पर सर्च करने के बजाय सीधे ब्राउजर में उनका आधिकारिक एड्रेस टाइप करें.  कई बार गूगल सर्च में सबसे ऊपर दिखने वाले स्पॉन्सर्ड ऐड भी नकली वेबसाइट्स के हो सकते हैं इसलिए बिना सोचे-समझे पहले लिंक पर क्लिक न करें. आपकी थोड़ी सी सतर्कता आपको लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी से बचा सकती है.


Microsoft Server Down: क्यों दुनिया भर में डाउन हुआ था Microsoft? कंपनी ने बताई वजह

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.