आज महंगाई का असर गाड़ी चलाने से लेकर रसोई के बजट तक पहुंच गया है. महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में CNG और घरेलू PNG के दाम बढ़ा दिए गए हैं. महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड ने दोनों तरह की गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की है. नए रेट 12 नवंबर की आधी रात से लागू हो गए हैं.
इस बदलाव के बाद अब CNG से चलने वाली कार, ऑटो और कैब का खर्च बढ़ेगा. वहीं, घरों में पाइप के जरिए आने वाली PNG इस्तेमाल करने वाले परिवारों को भी पहले के मुकाबले ज्यादा बिल चुकाना होगा. यानी महीने के बजट में अब गैस के लिए कुछ एक्स्ट्रा पैसे रखने पड़ेंगे. यहां से जानें सीएनजी और पीएनजी के नए दाम क्या हैं और रेट में कितनी बढ़ोतरी हुई है.
कितना महंगा हुआ CNG?
पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में CNG की कीमत में 1.25 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है. पहले यहां एक किलो CNG का भाव 97.75 रुपए था, जो अब बढ़कर 99 रुपए हो गया है. सिर्फ पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ ही नहीं, चाकण, तलेगांव और हिंजवड़ी जैसे आसपास के इलाकों में भी नए रेट लागू किए गए हैं.
इसका असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ सकता है जो रोज अपनी गाड़ी से लंबी दूरी तय करते हैं. खासकर ऑटो और कैब चलाने वालों को अब हर बार गैस भरवाने पर पहले से ज्यादा खर्च करना होगा.
कितने बढ़े PNG के दाम?
सिर्फ वाहन चालकों को ही नहीं, बल्कि घरेलू गैस इस्तेमाल करने वाले परिवारों को भी राहत नहीं मिली है. पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के नगर निगम क्षेत्रों में घरेलू PNG की कीमत 1.50 रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर बढ़ाई गई है. इस बढ़ोतरी के बाद घरेलू PNG का नया रेट 53 रुपए प्रति SCM हो गया है. पहले इसके लिए 51.50 रुपए प्रति SCM चुकाने पड़ते थे.
क्यों बढ़ गए CNG- PNG के दाम?
MNGL के मुताबिक, गैस खरीदने की लागत बढ़ने के कारण कीमतों में बदलाव करना पड़ा है. इसके अलावा विदेश से आयात की जाने वाली रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस की लागत भी बढ़ी है.
भारत अपनी जरूरत की पूरी प्राकृतिक गैस देश में ही पैदा नहीं करता है. मांग पूरी करने के लिए कुछ गैस विदेश से भी मंगानी पड़ती है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमत और आयात का खर्च बढ़ने पर कंपनियों की लागत पर असर पड़ता है. इसी का असर अब कीमतों में दिखाई दे रहा है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.