मुकेश पटेल, कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शादी का झांसा देकर राजस्थान के युवक से करीब 1.30 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिले के अहिरौली बाजार थाने की पुलिस ने इस मामले में दुल्हन बनी युवती, उसकी मां, बहन, मामा और शादी कराने वाली अगुआ को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से ठगी के 70 हजार रुपये नकद, चार साड़ियां और एक जींस बरामद की है।
फोन पर तय हुई शादी, परिवार के साथ कुशीनगर पहुंचा युवकपुलिस के मुताबिक, राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले कृष्णकांत जांगड़े की शादी कुशीनगर के हाटा क्षेत्र के लंगड़ी गांव निवासी गुड़िया से फोन पर तय हुई थी। शादी तय होने के बाद कृष्णकांत 11 नवंबर को अपनी मां, पिता और मामा के साथ विवाह करने कुशीनगर पहुंचे। भैंसही बाजार में गुड़िया अपनी मां निर्मला देवी, बहन पूजा, मामा मिट्ठू चौहान और शादी की अगुआ अर्चना चौहान के साथ मिली।
आरोप है कि शादी कराने के नाम पर युवती पक्ष के लोगों ने कृष्णकांत से 1.20 लाख रुपये नकद ले लिए। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये के कपड़े और श्रृंगार का सामान भी खरीदवाया गया। बातचीत और अन्य औपचारिकताओं के बाद कृष्णकांत अपनी होने वाली पत्नी गुड़िया को लेकर परिवार के साथ टेंपो से घर लौटने के लिए गोरखपुर रवाना हुए।
टॉयलेट का बहाना बनाकर टेंपो से उतरी दुल्हन, फिर हुई फराररास्ते में गुड़िया ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और टेंपो से उतरकर फरार हो गई। इसके बाद युवक को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने अहिरौली बाजार थाना में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाईक्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित द्वारा तहरीर देने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते कार्रवाई शुरू कर दी। 12 नवंबर को पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें मिट्ठू चौहान, गुड़िया, उसकी मां निर्मला देवी, बहन पूजा और अगुआ अर्चना चौहान शामिल हैं। आरोपियों के पास से 70 हजार रुपये नकद, चार साड़ियां और एक जींस बरामद हुई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.